पटना: मकर सक्रांति के अवसर पर बिहार में आरजेडी और जेडीयू की ओर से इस बार दही चूड़ा भोज का कार्यक्रम नहीं होगा। बता दे कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं दिग्गज समाजवादी नेता शरद यादव के निधन के बाद इस आयोजन को रद्द करने का निर्णय लिया गया है। बताते चलें कि बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने राबड़ी आवास पर 14 जनवरी को मकर सक्रांति के उपलक्ष पर दही चूड़ा भोज का आयोजन किया था, जिसे अब स्थगित कर दिया गया है। साथ ही जनता दल यूनाइटेड संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने भी अपने आवास पर आयोजित दही चूड़ा कार्यक्रम को रद्द करने का फैसला लिया है। आपको बता दें कि शरद यादव का गुरुवार की रात गुरुग्राम के अस्पताल में निधन हो गया था। इसके बाद से बिहार समेत देशभर के राजनेताओं में शोक की लहर है।
बताते चलें कि शरद यादव आरजेडी, जेडीयू समेत अन्य कई दलों में रहे हैं और करीब 4 दशक तक बिहार की राजनीतिक में इनका अहम योगदान रहा है। बिहार सरकार ने शरद यादव के निधन पर शुक्रवार को एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव के निधन के बाद से ही ट्विटर एवं सोशल मीडिया के माध्यम से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित लालू प्रसाद यादव, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, उपेंद्र कुशवाहा सहित अन्य नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।