बक्सर : बिहार के बक्सर में बिहार बीज निगम के अधिकारी अजित कुमार के ऊपर दर्जनों किसानों ने गंभीर आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि अजित कुमार ने हमलोगों का बर्बाद कर दिया है। विभाग का 70 लाख गबन करने के साथ ही किसानों के 2.54 करोड़ लेकर वो भाग गया है। इसको लेकर नगर थाना में 2 एफआईआर दर्ज कराया गया है। विभाग के कार्यालय में ताला भी बंद है। सुशासन की सरकार में कृषि विभाग से जुड़े अधिकारी ही गरीब किसानों को लूटने में लगे हैं। यही कारण है कि आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसान अब खेती-बारी छोड़कर महानगरों में मजदूरी करने के लिए पलायन कर रहे हैं। मामला बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड का है। जहां के दर्जनों किसानों ने बिहार राज्य बीज निगम के अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों की माने तो लगभग 3 करोड़ रुपये की धान की खरीद हुई थी।
धान खरीद में से कुछ किसानों को भुगतान करने के बाद बीज निगम के आरोपी अधिकारी अपना मोबाइल नम्बर बन्द कर फरार हो गया है। परेशान किसानों ने सोमवार यानी 23 जनवरी को बक्सर एसपी मनीष कुमार से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। जिसके बाद उक्त अधिकारी के खिलाफ नगर थाना में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दी है। नगर थाना में पहुंचे किसानों ने बताया कि 3 साल से बिहार राज्य बीज निगम के अधिकारी अजीत कुमार को धान बेचते आ रहे हैं।
गौरतलब है कि बिहार राज्य बीज निगम के आरोपी अधिकारी अजीत कुमार पर विभाग के निर्देशक के द्वारा बक्सर नगर थाना में विभाग के 70 लाख रुपए गबन करने का पहले से ही एफआईआर दर्ज कराया गया है। जिसके बाद सोमवार को रात्रि में बक्सर एसपी मनीष कुमार की पहल पर किसानों के द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर दूसरा एफआईआर भी दर्ज कर लिया गया है।