- बिहार से गिरफ्तार सात युवकों ने से एक रोहतास जिले का युवक भी शामिल
संझौली। गुजरात में पेपर लीक मामले के तार रोहतास से भी जुड़े होने की बात सामने आई है। गुजरात पुलिस ने पेपर लीक मामले में रोहतास के एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक नोखा थाना क्षेत्र के रामनगर का कमलेश कुमार उर्फ सोनू कुमार बताया जाता है। जो काफी दिनों से पटना में ही रह रहा था। गिरफ्तार युवक ने गुजरात एटीएस को अपना पता पुनाइचक पटना बताया था। जांच के बाद पता चला कि वह युवक पटना में रहता है। लेकिन जांच के दौरान युवक का अपना ठिकाना रोहतास जिला निकला। इसके बाद गुजरात एटीएस और गुजरात क्राइम ब्रांच की टीम ने यहां दबिश देते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय पुलिस अभी इस मामले में ज्यादा बताने से परहेज कर रही है। जानकारी के मुताबिक, 29 जनवरी को गुजरात पंचायत सेवा चयन बोर्ड के तहत सहायक लेखापाल की परीक्षा थी। परीक्षा से पहले ही पेपर लीक हो गया था। पेपर लीक के बाद गुजरात एटीएस ने गिरोह के सरगना भास्कर चौधरी को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार सरगना के निशानदेही पर कई लोगों को गिरफ्तार किया गया। बताया जाता है कि पेपर लीक मामले में अब तक 16 युवकों की गिरफ्तारी हुई है, जिसमें बिहार के सात लोग शामिल हैं। उन सात युवकों में रोहतास का सोनू भी शामिल है।