सासाराम। नगर निगम सासाराम कार्यालय के सभागार में गुरुवार को सशक्त स्थाई समिति की पहली सामान्य बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर निगम की मेयर काजल कुमारी और संचालन नगर आयुक्त सत्यप्रकाश शर्मा ने किया।सशक्त स्थाई समिति की हुई बैठक में सबसे पहले उपस्थित सदस्यों द्वारा नगर निगम में संविदा पर कार्यरत कर्मियों का मानदेय बढ़ाने और नियमित कर्मचारियों को काल-अवधि प्रमोशन देने पर चर्चा किया गया। इसके अलावे डोर-टू डोर कचरा उठाव के लिए डस्टबीन क्रय करने का निर्णय लिया गया। बैठक में शहर के विकास को गति देने सहित कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में गोला स्थित नगर भवन की दुकानों के बंदोबस्ती से संबंधित एजेंडों पर भी सशक्त स्थाई समिति के सदस्यों द्वारा मुहर लगा दी गयी। वहीं गर्मी को देखते हुए नगर निगम क्षेत्र में पेयजल हेतु जगह जगह पर प्याऊ की व्यवस्था पर सहमति दी गई। सशक्त स्थायी समिति द्वारा पुराने नगर निगम भवन के खाली पड़े जमीन पर नया भवन बनाने व शहर में मोबाइल टायलेट लगाने, सफाई उपकरण का क्रय, नगर निगम क्षेत्र के इंट्री प्वाइंट पर प्रवेश द्वार लगाने, शहर में स्ट्रीट लाइट लगाने व नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत सभी मुख्य नालों की उड़ाही के प्रस्ताव पर मंत्रणा की गयी।
जानकारी देते हुए नगर आयुक्त सत्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि नगर निगम कार्यालय में पड़े स्क्रैप की नीलामी के लाए गए प्रस्ताव के संबंध में भवन के छत पर फेंके गए सामाग्री में से दुबारा प्रयोग में लाए जाने वाले वस्तु को बाहर निकाल लेने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा कबाड़ हो चुके नगर निगम के वाहनों की नीलामी करने से पूर्व मोटरयान निरीक्षक से उसका मूल्य निर्धारण कराने के बाद ही उसे बेचने का निर्णय लिया गया। उक्त बैठक में सासाराम नगर निगम की उप नगर आयुक्त मैमून निशा, उप मेयर सत्यवंती देवी के अलावा समिति सदस्य के रूप में प्रमिला देवी, गीता देवी, सुनील कुमार, रौशन आरा, अंजू मौर्या, राशिद अहमद व सारिका कुमारी उपस्थित थी।