औरंगाबाद : नहर में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। दरअसल यह घटना दाउदनगर थाना क्षेत्र के चौरम गांव की है। जहां मंगलवार की शाम उसी गांव के छोटी नहर में डूबने से किशोर की मौत हो गई। बताया जाता है कि किशोर घर का इकलौता चिराग था जो अब बुझ गया। मृतक किशोर की पहचान उसी गांव निवासी राकेश सिंह के 12 वर्षीय पुत्र रवि शंकर कुमार के रूप में की गई है।
मंगलवार की देर शाम सदर अस्पताल औरंगाबाद में पोस्टमार्टम कराने आए मृतक किशोर के परिजनों ने बताया कि रविशंकर सोमवार की दोपहर अपने घर से निकला था। लेकिन उसके बाद रात तक घर नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की। लेकिन किशोर का कहीं पता नहीं चल सका। जब मंगलवार को ग्रामीण किसी कार्य को लेकर छोटी नहर की तरफ गए तो देखा कि नहर में किशोर का शव पड़ा हुआ है। इस घटना की सूचना परिजनों एवं स्थानीय पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही परिजन एवं स्थानीय थाना की पुलिस दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। जहां दाउदनगर थाना के सब इंस्पेक्टर दीपा ज्योति के आदेश पर नहर से शव को निकाला गया। जिसके बाद दाउदनगर थाना की पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया गया। जहां से पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जाता है कि मृतक के पिता मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण करते हैं। मृतक किशोर घर का इकलौता चिराग था जो अब बुझ गया। इस घटना के बाद से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है तो वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है।