- स्वजनों का रो रो कर हुआ बुरा हाल
- ग्रामीणों ने कहा गांव ने एक कुशल शुभचिंतक खो दिया
नासरीगंज (रोहतास) : प्रखण्ड क्षेत्र के बरडीहां गांव निवासी एसएसबी के जवान मनोज कुमार सिंह 73 वर्षीय पिता स्वर्गीय राधा मोहन सिंह के घर आने के क्रम में रास्ते में स्वास्थ्य बिगड़ने से हुआ निधन।उक्त जवान का अंतिम संस्कार पूरे सैनिक सम्मान के साथ दोपहर बाद बारडीहां सोन नदी तट पर स्थित शमशान घाट पर किया गया। स्वजनों के अनुसार असम में एसएसबी के हेड कॉन्स्टेबल के पद पर 2005 में पदस्थापित मृतक जवान का ड्यूटी के क्रम में स्वास्थ्य बिगड़ने पर छूट्टी ले घर ट्रेन से आ रहे थे कि यात्रा के क्रम में ही कटिहार पहुंचने पर पेट व सीने में जोरों का दर्द उतपन्न हुआ। रेलवे सुरक्षा बल के सहायता से उन्हें कटिहार में ही उतारा गया और रेल अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया जहां इलाज के क्रम में ही उनकी मृत्यु हो गई। आनन फानन में इसकी सूचना स्वजनों एवं एसएसबी को रेलवे सुरक्षा बलों के द्वारा दी गई। एसएसबी हेड क्वार्टर से आये जवानों ने उनकी पार्थिव शरीर ले पैतृक गांव पहुंचे। दोपहर बाद उनकी अंतेयष्टि सैनिक सम्मान गार्ड ऑफ ओनर के साथ गांव के श्मशान घाट पर की गई। मुखाग्नि उनके 8 वर्षीय मासूम एकलौते पुत्र वीर सिंह ने दिया। उक्त जवान के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही पूरे गांव में मातम छा गया। सभी लोग उक्त जवान के मिलनसार व्यवहार एवं कार्य की प्रशंसा करते दिखे। उनके निधन पर पूर्व जिला पार्षद अनिल सिंह व वर्तमान जिला पार्षद रोमा सिंह ने कहा कि गांव ने एक शुभचिंतक, होनहार, व कुशल व्यवहार का जवान खो दिया है जिसका सभी को अत्यंत दुख है।उनके अंतिम यात्रा में भारी संख्या में लोग उमड़ पड़े और भारत माता की जय,मनोज सिंह अमर रहें, जब तक सूरज चांद रहेगा मनोज तेरा नाम रहेगा का नारा लगाते रहे। बताते चलें कि उक्त जवान का विवाह 2009 में काराकाट के सोहदा गांव में हुई थी। वह अपने पीछे पत्नी बेबी कुमारी, 9 वर्षीय पुत्री सोनाक्षी व 8 वर्षीय पुत्र वीर सिंह, समेत माता प्रणो देवी को छोड़ गये हैं। उक्त जवान के निधन पर पत्नी, माता, बेटा, बेटी, समेत ससुर गुजरू काराकाट मध्य विद्यालय के शिक्षक बादशाह सिंह, सास सोहदा मध्य विद्यालय की शिक्षिका मंजू कुमारी, समेत स्वजन, सगे सम्बन्धियों एवं ग्रामीणों का रो रो कर बुरा हाल है। उनके अंतेयष्टि में मुखिया टिंकु सिंह, पूर्व जिला पार्षद अनिल सिंह, पूर्व मुखिया अजय सिंह, पूर्व बिडीसी राजकुमार सिंह, प्रमोद सिंह, संजय सिंह, समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।