सासाराम। सासाराम नगर थाना क्षेत्र के कंपनी सराय मुहल्ले में इंजीनियरिंग के एक छात्र ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। फंदे पर लटकी युवक की लाश मिलने से मोहल्ले में हड़कंप मच गया । मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को काफी देर तक वह अपने कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा नहीं खुलने पर खिड़की से देखा तो वह फांसी पर लटका दिखा। घटना से घर में कोहराम मच गया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस को युवक के घर से किसी प्रकार का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक सासाराम प्रखंड के नहौना गांव के रहने वाले सुनील सिंह का पुत्र विवेक बताया जाता है।
सुनील सिंह अपने परिवार के साथ सासाराम के कंपनी सराय इलाके में रहते हैं। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर जाॅब में हैं, जबकि छोटा बेटा विवेक भी भोपाल में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। 15 दिन पहले वह घर आया था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है जिससे आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। नगर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। आत्महत्या का कारण साफ नहीं हो सका है, मामले की जांच की जा रही है।