सासाराम। बिहार सरकार बिहार में शराब माफियाओं एवं बालू माफियाओं को पनाह देते हैं। ऐसे में इस सरकार के रहते बिहार में शराबबंदी कभी सफल नहीं हो सकती है। उक्त बातें गुरुवार को रोहतास जिला पहुंचे भारत सरकार के खाद्य उपभोक्ता मामले के राज्यमंत्री व बक्सर के सांसद अश्विनी कुमार चौबे ने सासाराम परिसदन में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा। श्री चौबे ने बिहार सरकार पर हमलावर होते हुए कहा कि तमाम शराब माफिया आज सरकार में बने हुए हैं। गली-गली में शराब बेचे और पिए जा रहे हैं। ऐसे में नीतीश कुमार की संवेदनहीनता के कारण ही लोग शराब पीकर मर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में माफियाओं को पनाह देने में जदयू, राजद और कांग्रेस का हाथ है। विपक्षी एकता को मजबूत करने में लगे नीतीश कुमार की अब कोई सुनने वाला नहीं है।
पलटनिया बाबू सिर्फ पलटते रहेंगे
मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहां की नीतीश कुमार पलटनिया बाबू बन गए हैं। वे कब पलट जाएंगे किसी को नहीं पता है। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव सही कहते हैं कि नीतीश कुमार के पेट में बड़का बड़का दांत है। उन्होंने कहा कि यह दांत जहरीला दांत हैं और उसी दांत से यह लोगों को काटते हैं। श्री चौबे ने कहा कि बिहार में उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ बाबा मॉडल की सरकार बनेगी और बिहार में भी बुलडोजर बाबा चलेंगे, तभी बिहार से अपराधियों का सफाया होगा।
सासाराम में दंगा सोची समझी साजिश
वही रोहतास जिले में पिछले दिनों रामनवमी शोभा यात्रा के दौरान हुए हिंसक झड़प को जिला प्रशासन की नाकामी बताया है। उन्होंने कहा कि रोहतास जिले के डीएम और एसपी नीतीश कुमार के निर्देश पर कार्य करते हैं। श्री चौबे ने कहा कि 2 अप्रैल को सासाराम में गृह मंत्री अमित शाह का आगमन होना था लेकिन नीतीश कुमार उस दौरे को किसी प्रकार असफल करना चाहते थे। इसके लिए इन घटनाओं को अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं को बढ़ाने चढ़ाने में स्थानीय पुलिस प्रशासन का हाथ रहा है, और इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। श्री चौबे ने कहा कि नीतीश कुमार द्वारा रचित इस षडयंत्र को भाजपा के मत्थे मढ़ा जा रहा है और इस घटना में निर्दोष भाजपा कार्यकर्ताओं को फसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस घटना का निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और इसमें दोषी लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही घर में हुए बम ब्लास्ट के दौरान कई लोगों के घायल होने और बम निर्माण की जांच की मांग किया है। श्री चौबे ने कहा कि इस पूरे संयंत्र में स्थानीय पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद का नाम प्रशासन के द्वारा घसीटा जा रहा है। उन्होंने कहा की इन सभी अनाचार अत्याचार के जवाब लोकतांत्रिक तरीके से अहिंसक आंदोलन चलाकर भाजपा संगठन द्वारा जवाब दिया जाएगा। मौके पर जिला उपाध्यक्ष मंगलानंद पाठक, जिला मीडिया प्रभारी इंजीनियर पुलकित सिंह, जिला उपाध्यक्ष बक्सर श्रीमननारायण तिवारी, भाजपा कार्यकर्ता उपेंद्र ओझा, संतोष शर्मा, मनीष पांडे सहित अन्य उपस्थित थे।
Like this:
Like Loading...