- पहले दिन कुल 76 लोगों को दिया गया टीका, यात्रा से पूर्व तीनों टीका अनिवार्य
सासाराम। हज पर जाने वाले हज यात्रियों के लिए सोमवार को सासाराम सदर अस्पताल स्थित जिला प्रतिरक्षण कार्यालय में विशेष टीकाकरण शिविर लगाया गया जिसमें हज यात्रियों को पोलियों के साथ-साथ फ्लू से बचने के लिए मेनिनजाइटिस एवं इन्फ्लुएंजा का अनिवार्य टीका दिया गया। रोहतास जिले में कुल 100 लोग हज यात्रा के लिए जाने वाले हैं। सभी हज यात्रियों को तीनों टीका लेना अनिवार्य है। पहले दिन कुल 76 लोगों को टीकाकरण किया गया। 21 मई को हज यात्रा के लिए रोहतास जिला का दल रवाना होगा। इसके लिए राज्य स्वास्थ्य समिति ने जिले को विशेष टीका उपलब्ध करा दिया था और इसके लिए दिशानिर्देश भी जारी कर दिया था। दिशा निर्देश के आलोक में सोमवार को विशेष शिविर लगाया गया। हज पर जाने से पूर्व सभी हज यात्री को तीनों टीका लगाना अनिवार्य है। यदि एक भी टीके से वंचित रहते हैं तो वे लोग हज यात्रा से वंचित हो जाएंगे। वही टीका लेने के बाद सभी लोग काफी प्रसन्न दिखाई दिए। टीका लेने का बाद हज यात्रा पर जा रहे जायरीनों ने कहा कि मदीना जाकर अपने वतन और वतन के लोगों की सलामती का दुआ करेंगे। साथ ही साथ बच्चों की सेहत और सलामती की भी दुआ करेंगे।
सभी हज यात्रियों के लिए टीका उपलब्ध
सिविल सर्जन डॉक्टर के. एन. तिवारी ने बताया कि विभाग द्वारा कुल 100 लोगों की सूची प्राप्त हुई है, जो हज यात्रा के लिए जाने वाले हैं। उनको टीकाकरण कराने के लिए दिशा निर्देश के आलोक में विशेष शिविर लगाया गया जिसमें हज यात्रा पर जाने वाले सभी महिला -पुरुषों को टीकाकरण किया गया। उन्होंने बताया कि पहले दिन आधे से अधिक लोगों ने टीका ले लिया है, बाकी बचे हुए लोग जैसे जैसे आएंगे उनको टीकाकृत किया जाएगा। सिविल सर्जन ने हज पर जाने वाले सभी हज यात्रियों को यात्रा से पूर्व टीकाकरण कराने के लिए अपील किया है। उन्होंने कहा कि जो भी हज यात्री पहले दिन टीका नहीं ले पाए वे लोग किसी भी दिन जिला प्रतिरक्षण कार्यालय में संपर्क करके अपना टीका ले सकते हैं।
टीका से वंचित हज यात्री नही जा पाएंगे सऊदी अरब
यूनिसेफ के एसएमसी डॉ असजद इकबाल सागर ने बताया कि हज यात्रा से पूर्व हज पर जाने वाले सभी लोगों को पोलियो, मेनिनजाइटिस और इनफ्लुएंजा का टीका लेना अनिवार्य है। इसके प्रमाण पत्र के बिना हज यात्री सऊदी अरब में प्रवेश नहीं कर पाएंगे। उन्होंने बताया कि हज यात्रा के दौरान किसी भी व्यक्ति को फ्लू का संक्रमण हो जाए तो वह व्यक्ति अन्य व्यक्तियों को भी संक्रमित कर सकता है। हज पर आए दुनिया भर के जायरीन को ग्रसित कर सकता है। ऐसे में सभी व्यक्तियों को यह टीका लगाना अनिवार्य होता है, ताकि स्थान परिवर्तन के बाद होने वाले फ्लू का असर ना हो पाए। साथ ही बड़ों को पोलियो को भी खुराक दी जाती है जिसका मुख्य कारण लोगों में जागरूकता लाना है। उन्होंने बताया कि बड़ों को पोलियो टीका के माध्यम से यह संदेश देना है कि एक बड़े धार्मिक स्थल पर बिना पोलियो का टीका लगाए नहीं जा सकते हैं, इसका मतलब यह टीका हम सभी के लिए अनिवार्य हैं, इसलिए अपने बच्चों को भी एक टीका जरूर दिलवाए। उन्होंने बताया कि यदि टीका लेने के बाद बुखार की समस्या आए तो ऐसे में पेरासिटामोल का एक टैबलेट खा सकते हैं, क्योंकि टीकाकरण के बाद बुखार आने की संभावना रहती है।