सासाराम। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओ को देखते हुए विकास के कार्य लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को पूर्व मध्य रेल के अंतर्गत पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के सासाराम स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा हेतु नवनिर्मित लिफ्ट का लोकार्पण किया गया। लिफ्ट का लोकार्पण सासाराम सांसद छेदी पासवान ने किया। इस अवसर सांसद छेदी पासवान ने कहा की सासाराम रेलवे स्टेशन एतिहासिक और धार्मिक दृष्टिकोण से डीडीयू मंडल का महत्वपूर्ण स्टेशन है। इसलिए इस स्टेशन का विकास और सौंदर्यकरण रेल विभाग द्वारा लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा की वे स्वयं इस स्टेशन के विकास और यात्री सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
सांसद छेदी पासवान ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में हो रहे रेल विकास कार्यों का आभार व्यक्त करते हुए सासाराम स्टेशन पर नए लिफ्ट के निर्माण हेतु रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव का धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में स्टेशनों पर निरंतर यात्री सुविधा के विस्तार के क्रम में सासाराम स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 1/2 पर नए लिफ्ट का निर्माण किया गया है। लिफ्ट की आधुनिक सुविधा हो जाने से अब सासाराम स्टेशन पर आम यात्रियों, विशेषकर दिव्यांगजन व बुजुर्गों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर आवागमन में काफी सहूलियत होगी। वहीं सासाराम स्टेशन पर लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान विभिन्न अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आम यात्री मौजूद रहे।