शेखपुरा। बिहार के शेखपुरा में सोमवार की सुबह कलश यात्रा के दौरान एक बड़े हादसे में 2 लोग की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। सोमवार की सुबह कलश यात्रा के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु में से दो लोगों की मौत हो गई जबकि 6 लोग बुरी तरह घायल हो गए। घटना शेखपुरा के हथियावा ओपी क्षेत्र के रसलपुर गांव की बताई जाती है। मिली जानकारी के अनुसार उक्त गांव में आज से नौ दिवसीय महायज्ञ की शुरुआत हो रही थी। इसी को लेकर आज सुबह 501 कन्याओ का कलश यात्रा निकाली गई थी जिसमे हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए थे।
कलश यात्रा के दौरान यात्रा में शामिल रथ मे लगा त्रिशूल हाईटेंशन बिजली के तार के संपर्क में आ गया। उसके बाद रथ पर सवार और उसके आसपास मौजूद 8 लोगों को जबरदस्त करंट लग गया, जिसमें से 2 लोग की मौत हो गई। मृतकों में रसलपुर गांव निवासी महेश सिंह के 25 वर्षीय पुत्र राजू कुमार एवं अशोक सिंह के 30 वर्षीय पुत्र वीरेंद्र कुमार बताए जाते हैं। घटना के बाद सभी लोगों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में पूरी तरह से अफरा-तफरी मच गई। वहीं अस्पताल में भी अफरातफरी का माहौल देखने को मिला। चारों ओर चीख-पुकार मच गई। श्रद्धालुओ से पूरा अस्पताल भर गया। घायलों में रूपेश कुमार, भोलेनाथ, राहुल कुमार, रंजय कुमार सहित अन्य शामिल है।