सासाराम। रोहतास जिले से एक बड़ी खबर आ रही है जहां शराब माफियाओं ने उत्पाद विभाग की टीम पर हमला कर दिया है, जिसमें उत्पाद निरीक्षक सहित आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। घटना रोहतास जिला अंतर्गत सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दयाल बीघा गांव की बताई जाती है। मिली जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग की टीम सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दयाल बीघा गांव में गुप्त सूचना के आधार पर दल बल के साथ छापेमारी करने गई थी। इस दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने एक शराब माफिया को गिरफ्तार कर लिया था।
गिरफ्तारी के बाद जैसे ही टीम रवाना होने के लिए निकली वैसे ही शराब माफियाओं ने उत्पाद विभाग के टीम पर हमला कर दिया, जिसमें उत्पाद निरीक्षक प्रभात विद्यार्थी सहित कई महिला पुलिसकर्मी घायल बताए जाते है। जानकारी के अनुसार शराब माफियाओं ने उत्पाद विभाग की टीम को चारों तरफ से घेर पर ईट पत्थर से हमला बोल दिया, जिसमें उत्पाद निरीक्षक आशीष विद्यार्थी के सर पर गंभीर चोट आई है। हमला में उत्पाद विभाग की दो वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। घटना के बाद सभी घायल पुलिसकर्मियों को सासाराम सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। इसके अलावा अन्य घायल पुलिसकर्मियों के भी ईलाज जारी है। वही उत्पाद विभाग की टीम ने हमलावरों में से दो लोगों को गिरफ्तार करने में भी सफल हुई है।