सासाराम। जमुहार स्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के द्वितीय दीक्षांत समारोह को लेकर हो रही सभी तैयारियाें को अंतिम रूप दिया जा रहा है। तैयारियों का जायजा लेने जिला प्रशासन एवं पुलिस पदाधिकारियों की टीम लगातार कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड एवं अन्य सभी स्थानों का भ्रमण कर रही है। शुक्रवार की दोपहर रोहतास एसपी ने जमुहार स्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय में हेलीपैड के साथ साथ सुरक्षा के इंटेजामो का जायजा लिया। बता दें की भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षान्त समारोह में छात्र-छात्राओं को उपाधि प्रदान करने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में आ रहे हैं।
उनके आगमन को लेकर सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की जा रही है तथा विश्वविद्यालय परिसर को चारों तरफ से सुरक्षा प्रदान करने के हरसंभव उपाय किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में आने वाले सभी छात्र-छात्राओं एवं आगंतुकों के लिए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने हेतु प्रवेश पत्र की व्यवस्था विद्यालय प्रबंधन की ओर से किया गया है। कार्यक्रम को लेकर केंद्रीय रक्षा विभाग के अधिकारी कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके हैं तथा राज्य प्रशासन की ओर से भी अधिकारियों की विभिन्न स्तर की टीमें कैम्प कर रही है। शुक्रवार की देर शाम तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम का जायजा लिया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सुबह 11 बजे गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय पहुचेंगे उसके बाद दीक्षांत समारोह में शामिल होकर छात्र छात्राओं को उपाधि प्रदान करेंगे।