सासाराम। रोहतास जिला अंतर्गत दरिगांव थाना क्षेत्र से एक अधजली 28 वर्षीय महिला का शव बरामद किया गया है। घटना थाना क्षेत्र के मूडीसराय गांव की बताई जाती है। मिली जानकारी के अनुसार मुड़ीसराय गांव अंतर्गत दुर्गावती जलाशय नहर के पूरबी छोर पर शुक्रवार की सुबह गांव की महिलाएं शौच करने के लिए निकली हुई थी, तभी उनकी नजर अधजली महिला के शव पर पड़ी। अधजली शव को देखकर स्थानीय महिलाएं भयभीत हो गई और शोर मचाना शुरू कर दिया। गांव में खबर आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई। गांव के लोगों ने इसकी तत्काल सूचना स्थानीय थाना को दिया। मौके पर पहुंची थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए उसकी जांच पड़ताल करनी शुरू कर दी। फिलहाल अभी शव की पहचान नहीं हो पाई है।
वहीं थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि मूडीसराय के लोगों ने अज्ञात शव मिलने की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेते हुए आसपास से जानकारी इकट्ठा करने का प्रयास किया परंतु कुछ जानकारी नहीं मिल पाया है। उन्होंने बताया कि शव वहां कैसे पहुंचा है अभी इसकी भी जानकारी नहीं मिल पाई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को अपने कब्जे में लेते हुए फिलहाल पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। महिला की मृत्यु कैसे हुई वह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मालूम चल पाएगा। फिलहाल शव की पहचान करने की कोशिश की जा रही।