सासाराम। हर साल की तरह इस साल भी ईद उल अजहा यानी बकरीद पर्व सासाराम में शांति एवं सौहार्द के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से हो रही बारिश के बीच शहर के विभिन्न ईदगाहों एवं मस्जिदों में बकरीद की नमाज अता की गई। शहर के मदार दरवाजा स्थित शाही जामा मस्जिद, फारूक गंज सराय मस्जिद, मेवाती टोला मस्जिद, मोहल्ला साहजुमा बड़ी मस्जिद, जकी शहीद के शाही जामा मस्जिद, करन सराय मस्जिद, हजरत शाहजलाल पीर बड़ी मस्जिद, मोहल्ला चिक टोली मस्जिद, खानकाह दायरा मस्जिद, पानी रोजा पोस्ते खान मस्जिद, मदीना मस्जिद शेरगंज सहित शहर के कई मस्जिदों में बकरीद की नमाज अता की गई। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शहर के साथ साथ देश में अमन और शांति की दुआ मांगी। नमाज़ पढ़ने के बाद लोगों ने एक दूसरे को गले लगाकर बकरीद की बधाई दिया। नमाज़ के बाद लोगों ने परंपरा के अनुसार बकरे की कुर्बानी के साथ बकरीद पर्व को मनाया। वही सासाराम नगर निगम के मेयर काजल कुमारी, एवं उप मेयर सत्यवती देवी ने मुस्लिम समुदाय के लोगों को बकरीद की बधाई दी। साथ ही साथ अमन, भाईचारे, एवं हार्दिक सौहार्द के बीच सभी पर्वों को मनाने की अपील किया।
शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बकरीद पर्व को देखते हुए शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बता दें कि रामनवमी जुलूस के दौरान हुए हिंसक झड़प को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। शहर में किसी प्रकार की अप्रिय घटना ना हो इसके लिए जिला प्रशासन ने पहले से ही तैयारी कर रखी थी। शहर के सभी संवेदनशील इलाकों के साथ-सथ सभी क्षेत्रों में काफी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही साथ असामाजिक तत्व एवं सोशल मीडिया पर भी नजर रखे जा रहे हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से किसी प्रकार का गलत अफवाह न फैलाने के लिए जिला पुलिस प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रही है। साथ ही साथ लोगों से अपील किया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर प्राप्त अफवाहों पर ध्यान ना दें। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रोहतास एसपी विनीत कुमार, सासाराम एसडीपीओ संतोष राय एवं एसडीएम मनोज कुमार लगातार शहर का भ्रमण कर रहे हैं। रोहतास एसपी ने शहर के कई क्षेत्रों में भ्रमण कर किया। इसके पूर्व मंगलवार को भी शहर में पुलिस प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकालते हुए लोगों से त्यौहार को हार्दिक सौहार्द के साथ मनाने का अपील किया था।