डेहरी। रोहतास जिले के डेहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आशा कार्यकर्ता अपने 9 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चित हड़ताल पर है। जिसको लेकर आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डेहरी पर आशा कार्यकर्ताओं द्वारा सरकार के विरुद्ध अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा था। तभी डेहरी अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा डेहरी पीएचसी पर पहुंचे और हड़ताल पर बैठी महिलाओं को हटाने का प्रयास किया। वही प्रदर्शन कर रही महिला आशा कार्यकर्ताओं ने डेहरी एसडीएम अनिल कुमार सिन्हा पर आरोप लगाते हुए कहा कि हम सभी लोग शांतिपूर्ण तरीके से हड़ताल पर बैठी थी। अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रही थी। तभी गुस्साए डेहरी एसडीएम अनिल कुमार सिन्हा ने प्रदर्शन कर रही महिला आशा कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की करते हुए हम सभी को पीएचसी के मुख्य गेट से हटाने का प्रयास किया है। जबकि डेहरी एसडीएम अनिल कुमार सिन्हा के साथ सिर्फ पुरुष पुलिस बल ही मौजूद थे। और सबसे बड़ी बात थी कि महिला आशा कार्यकर्ताओं को हटाने के लिए कोई भी महिला पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद नहीं थी। एसडीएम साहब खुद ही गुस्से में आकर आशा कार्यकर्ताओं हाथ और बाल पकड़कर मुख्य गेट से धक्का देकर हटा रहे थे। जिसके बाद आशा कार्यकर्ताओं ने एसडीएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और महिला आशा कार्यकर्ताओं के साथ एसडीएम द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के खिलाफ उनके विरुद्ध कार्रवाई करने की माँग की है।
वही इस मामले में डेहरी एसडीएम अनिल कुमार सिन्हा ने कहा कि मोबाइल पर लगातार सूचना आ रही थी कि आशा कार्यकर्ताओं द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य गेट को जाम कर दिया गया है। जिसके कारण PHC के कार्य में बाधा पहुंच रहा है। सूचना के बाद मैं खुद वहाँ पहुंचा और प्रदर्शन कर रही आशा कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। जिसके बाद महिला पुलिस फोर्स को बुलाकर आशा कार्यकर्ताओं को मुख्य गेट से हटाया गया है। चुकी आशा कार्यकर्ताओं द्वारा PHC के कार्य को बाधित किया जा रहा था। हंगामा होने के बाद मौके पर डेहरी अंचलाधिकारी अनामिका कुमारी महिला पुलिस फोर्स के साथ पीएचसी पहुंची और हंगामा कर रही आशा कार्यकर्ताओं को समझाने बुझाने का प्रयास किया गया। लेकिन आशा कार्यकर्ताओं ने डेहरी एसडीएम पर बिना महिला फोर्स के धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई करने की माँग पर अड़ी हुई है।