सासाराम। भारत मुक्ति मोर्चा बहुजन क्रांति मोर्चा के आह्वान पर देश के 31 राज्यों के 567 जिलों में एक साथ देशव्यापी चरणबद्ध आंदोलन के तहत सोमवार को रोहतास जिला मुख्यालय में भी राष्ट्रीय आदिवासी एकता परिवार के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया गया। धरना प्रदर्शन में जिले के विभिन्न संगठनों के साथ सैकड़ों की संख्या में शामिल लोगों ने भारत बंद का आह्वान पर पोस्ट ऑफिस चौराहे पर जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान घंटों आवागमन भी बाधित रहा। भारत बंद के समर्थन कर रहे विभिन्न मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार, अन्याय एवं उनके विरोध में संसद में बनाए जा रहे हैं कानून आदिवासियों के हितों में नहीं है। लोगों ने कहा कि सरकार आदिवासियों के हितों को ध्यान नहीं दे रही है।
साथ ही समान नागरिक संहिता लागू करने का कानून बनाकर आदिवासियों को मिली अलग आदिवासी पहचान को खत्म करके उन्हें हिंदू बनाने की साजिश की जा रही है। साथ ही साथ विकास के नाम पर, पर्यावरण सुरक्षा के नाम पर एवं वन्य प्राणियों के संरक्षण के नाम पर आदिवासियों को जल, जंगल और जमीन से वंचित किया जा रहा है और उनकी रोजी-रोटी छीनने का षडयंत्र किया जा रहा है। बंद का समर्थन करने वालों में बहुजन क्रांति मोर्चा के रामप्रवेश पासवान, भारत मुक्ति मोर्चा के राजा राम सिंह कुशवाहा, भारतीय युवा मोर्चा के जितेंद्र कुमार, बहुजन मुक्ति पार्टी के सरोज चंद्रवंशी, राष्ट्रीय महिला मूलनिवासी संघ के किरण कुमारी, भारतीय रोजगार मोर्चा के श्री राम रवि, राष्ट्रीय किसान मोर्चा के मुद्रिका चौधरी, परमेश्वर राम, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा के दशरथ सिंह यादव के अलावा सैकड़ों की संख्या में लोग मजूद थें।