केंद्रीय मंत्री आर. के. सिंह ने टिकट को लेकर अपनी दावेदारी ठोक दी है। बिहार की आरा सीट से बीजेपी सांसद आर. के. सिंह से जब सवाल किया गया कि क्या आप इस बार चुनाव लड़ेंगे?तो उन्होंने कहा कि बिलकुल लड़ेंगे और आरा से ही लड़ेंगे। हमारे बारे में कोई दूसरा फैसला कैसे ले सकता है।
2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में अभी काफी वक्त है। इसके पहले ही चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वाले नेताओं ने अपनी सीट को लेकर दावा करना शुरू कर दिया है। केंद्रीय मंत्री आर. के. सिंह ने रविवार को ऐलान कर दिया कि वो अपनी वर्तमान सीट आरा से ही लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। आर के सिंह के ऐलान के बाद सवाल उठने लगे हैं? सवाल ये कि क्या भोजपुरी एक्टर पवन सिंह के मंसूबे पर पानी फिर जाएगा? दरअसल भोजपुर एक्टर पवन सिंह 6 महीने पहले ही आरा से लोकसभा चुनाव लड़ने की मंशा जाहिर कर चुके हैं।
केंद्रीय मंत्री आर. के. सिंह ने रविवार को कहा कि वह अपनी वर्तमान सीट आरा से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि ‘मैं आरा से चुनाव लड़ूंगा। कोई और मेरे लिए निर्णय कैसे ले सकता है? मैं अपना निर्णय स्वयं लूंगा। कहा जा रहा है कि मैं राज्यपाल बनने जा रहा हूं, लेकिन मैं राज्यपाल नहीं बनूंगा।’ आर के सिंह ने कहा कि ‘मैं आरा से चुनाव लड़ूंगा।’
दो बार से आरा सीट से सांसद हैं आर. के. सिंह
बता दें कि पूर्व आईएएस अधिकारी आर. के. सिंह ने 2013 में बीजेपी जॉइन की थी। बीजेपी में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा, ‘बीजेपी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो अन्य पार्टियों की तरह राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता नहीं करती है।’ इसके बाद 2014 में हुए लोकसभा का चुनाव आरा सीट से लड़ा। इस चुनाव में आर. के. सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद के श्रीभगवान सिंह कुशवाहा को हराया था। बाद में सरकार बनने पर केंद्रीय ऊर्जा मंत्री बने थे। आर के सिंह ने 2019 में फिर से आरा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा। इस बार सीपीआई (एमएल) के राजू यादव को हराकर अपनी सीट बरकरार रखी थी।