आरा: अरवल मुख्य मार्ग उदवंतनगर थाना क्षेत्र के बेलाउर गांव स्थित बेलाउर बंगाल के पास रविवार की रात अज्ञात वाहन ने ससुराल जा रहे साइकिल सवार युवक को रौंद दिया। हादसे में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना को लेकर लोगों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय थाना और मृतक के परिजनों को दी।सूचना मिलते ही स्थानीय थाना और मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम सदर अस्पताल में करवाया। मृतक गड़हनी थाना क्षेत्र के लसाढ़ी गांव निवासी ललन सिंह का 28 वर्षीय पुत्र नीतेश कुमार सिंह हैं। पेशे से किसान थे।
मृतक के चाचा लाल बहादूर सिंह ने कहा कि उनकी पत्नी 20 दिन पूर्व उदवंतनगर थाना क्षेत्र के भगवतीपुर गांव अपने मायके गई थी। रविवार की रात वह साइकिल से अपने ससुराल भगवतीपुर अपनी पत्नी से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान बेलाउर बंगाल के पास अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, मां शांति देवी ने कहा कि उसकी बेटी रितिका की तबीयत खराब थी। चार हजार हमसे लेकर बेटी का इलाज कराने ससुराल जा रहा है। हमने मना भी किया कि बारिश हो रही है। मृतक अपने दो भाई में बड़ा था। मृतक के परिवार में मां शांति देवी, पत्नी सुनीता देवी व दो पुत्री खुशी,रितिका एवं में एक पुत्र आशीष है। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। वहीं इस हादसे बाद मृतक की मां शांति देवी, पत्नी सुनीता देवी और परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।