पटना: रबी फसल को लेकर कृषि विभाग द्वारा पूरे बिहार में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 1 अणे मार्ग से रबी महाभियान- 2023 के शुभारंभ के अवसर पर रबी महाभियान प्रचार रथों को सभी जिलों के लिये हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस अवसर पर बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत भी मौजद रहे.
दरअसल रबी 2023 की सफलता के लिये रबी महाभियान की शुरूआत की जा रही है। इस महाभियान में किसानों को रबी मौसम से संबंधित कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी जायेगी, साथ ही फसल अवशेष प्रबंधन एवं खेतों में फसल अवशेष को जलाने से मिट्टी एवं पर्यावरण को होनेवाले नुकसान के प्रति जागरूक किया जायेगा। किसानों को रबी फसलों की तकनीकी जानकारी, जैविक खेती को प्रोत्साहन, मौसम के अनुकूल कृषि कार्यक्रम एवं फसल विविधिकरण से संबंधित जानकारी दी जायेगी।
किसानों को चतुर्थ कृषि रोड मैप के विभिन्न आयामों की भी जानकारी दी जायेगी। प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के पश्चात् मुख्यमंत्री ने रबी महाभियान 2023 से संबंधित पुस्तिका का भी विमोचन किया।