आरा। शाहाबाद प्रक्षेत्र के चारों जिलों भोजपुर, बक्सर, रोहतास और कैमूर जिले में दुर्गा पूजा को लेकर कई स्तर पर तैयारियां चल रही है। विधि-व्यवस्था को लेकर चारों जिलों में करीब 44 हजार तत्वों पर धारा 107 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। इसमें करीब 70 से 80 प्रतिशत तत्वों से बांड भी भरवाए गए हैं। इसकी जानकारी शुक्रवार को शाहाबाद प्रक्षेत्र के डीआइजी नवीन चन्द्र झा ने दी। वे शुक्रवार को आरा आए थे। इस दौरान उन्होंने पुलिस कार्यालय में अफसरों के साथ पूजा की तैयारियों को लेकर गहन समीक्षा बैठक भी की। बैठक के दौरान कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी पूजा समितियों को लाइसेंस लेना अनिवार्य रहेगा। लाइसेंस में अंकित नियमों का पालन हर हाल में करना होगा। शर्तों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी। डीजे पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। जुलूस में अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन कतई नहीं होगा। बड़े पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरा के अलावा अग्निरोधी यंत्र अनिवार्य रूप से लगाना होगा। ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि विधि-व्यवस्था को देखते हुए चारों जिलों के लिए 500 बिहार विशेष सशस्त्र बल के जवान मंगाए जा रहे हैं। इसमें भोजपुर जिले के लिए 140 बल मंगाए गए हैं। वे सभी जिलों जाकर समीक्षा करेंगे। इस दौरान भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार भी मौजूद थे। पूजा के दौरान लफंगों से निपटेगी महिला बटालियन पूजा के दौरान महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अलग से से महिला बटालियन को भी निकालने का निर्देश दिया गया है। पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था को दुरूस्त करने एवं एडवाइजरी जारी करने का निर्देश दिया गया है। डीआइजी ने एसपी समेत अन्य अफसरों को सूचना तंत्र मजबूत करने का भी निर्देश दिया है। पूर्व में जहां पर जुलूस के दौरान घटनाएं घटित हुई है वहां पर निगरानी बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए। भोजपुर में एक हजार जवानों की तैनाती रहेगी। अवैध शराब की बिक्री और निर्माण के विरुद्ध 17 अक्टूबर तक विशेष छापेमारी अभियान चलेगा। पूजा के दौरान नहीं बजेगा भड़काऊ गीत डीआइजी ने बैठक के दौरान अफसरों को निर्देश दिया कि कही पर भी जातिगत, भड़काऊ और अश्लील गीत नहीं बजेंगे।