पटना। बिहार सियासी बयानबाजी और वार-पलटवार तेज है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने एक बार फिर प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नीतीश जी के लिए अब सब दूध-भात है, यानी उनके लिए सब माफ है। इसके साथ ही सम्राट चौधरी ने सीएम को आराम करने की सलाह भी दी है। सम्राट चौधरी ने बुधवार को अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इसमें उन्होंने लिखा है कि नीतीश जी को अब आराम करना चाहिए। वह कब क्या बोल देंगे कुछ पता नहीं, आज कल वह बहुत डरे हुए हैं। अब वह जो भी बोलें वह दूध-भात है।
सम्राट ने कहा कि नीतीश तो बेबाक बोलने वाले नेता थे। इतना डरा हुआ मुख्यमंत्री मैं देख रहा हूं। इसलिए मैंने कहा कि नीतीश कुमार अब जो भी बोलें वो दूध-भात होगा, क्योंकि अब उनकी बात का कोई महत्व नहीं रह गया है। बता दें कि सम्राट चौधरी का यह वीडियो चार दिन पहले दिए गए बयान से जुड़ा हुआ है। दरअसल, सम्राट से मीडिया ने राष्ट्रपति के दौरे के दौरान नीतीश कुमार के भाजपा नेताओं से दोस्ती वाले बयान पर प्रतिक्रिया मांगी थी। इसी दौरान सम्राट ने यह बातें कही थीं।
सम्राट चौधरी ने उस समय यह सवाल खड़ा किया था कि केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने में नीतीश कुमार का क्या योगदान है। केंद्र सरकार के पैसे से बना है। उस समय केंद्र में कांग्रेस पार्टी की सरकार थी। बिहार सरकार ने केवल जमीन उपलब्ध कराई। इसके बाद में पूरा पैसा मोदी सरकार ने दिया। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालय के तौर पर विक्रमशिला विश्वविद्यालय बनाने के लिए लगभग छह सौ करोड़ रुपया पड़े हुए हैं, परंतु नीतीश सरकार जमीन नहीं दे पा रही है। दरभंगा में एम्स के लिए भी जमीन नहीं दे रही है।