पटना। जदयू के चर्चित नेता और एमएलसी नीरज कुमार एक कार्टून को लेकर फिर विवादों में घिर गए हैं। इस कार्टून को लेकर पक्ष और विपक्ष में पलटवार जारी है। दरअसल, भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने दहशरे के मौके पर एक एनिमेटेड वीडियो शेयर किया था, जिसमें लालू परिवार व जदयू सरकार पर निशाना साधा गया था। इसके जवाब में नीरज कुमार ने भी अपने एक्स हैंडल पर एक एनिमेटेड वीडियो पोस्ट कर दिया।
नीरज कुमार द्वारा शेयर किए गए वीडियो में नीतीश कुमार को टाइम बम के रूप में देखा गया। वहीं, पीएम मोदी को रावण के चेहरे में दर्शाया गया। वीडियो में देखा गया कि नीतीश अपने टाइम बम के साथ चलते-चलते पीएम मोदी के पेट के अंदर चले जाते हैं। इसके बाद लिखकर आता है कि 2021 उसके बाद 2022-2023-2024 तक संख्या बढ़ती जाती है, लेकिन 2025 में संख्या ध्वस्त हो जाती है।
इस वीडियो को लेकर बिहार में सियासत तेज हो गई है। नीरज कुमार को खूब टारगेट किया जा रहा है। हालांकि, नीरज कुमार का विवादों से नाता काफी पुराना रहा है। अपने बयानों को लेकर वह अक्सर सुर्खियां बटोरते हैं।