दीपावली के दौरान प्रमुख रेलवे स्टेशनों एवं छठ पूजा में सभी छठ घाटों पर लगाया जाएगा कैंप
सासाराम। आगामी दीपावली एवं छठ पूजा में अन्य राज्यों से आने वाले लोगों के साथ 0 से 5 वर्ष के बच्चों को इस बार विशेष अभियान के तहत पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। यह खुराक बच्चों को रेलवे स्टेशनों एवं बस स्टैंडो पर स्पेशल कैंप लगाकर पिलाई जाएगी। भारत में वैसे तो पोलियो का पूर्ण उन्मूलन माना जा रहा है, परंतु अन्य देशों में पोलियो के लक्षण के बाद भारत सरकार ने भी सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। इसके लिए राज्य स्वास्थ्य समिति बिहार सरकार के अपर कार्यपालक निदेशक ने सभी जिला में दीपावली एवं छठ पूजा के अवसर पर 10 से 20 नवंबर तक विशेष पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान चलाने के लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं। जारी दिशा निर्देश के आलोक में रोहतास जिला में भी अभियान को लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है। पोलियों अभियान में शामिल होने वाले स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण से लेकर माइक्रो प्लान बनाने की कवायत भी शुरू कर दिया गया है।
दीपावली में स्टेशनों एवं छठ में घाटों पर लगेगा कैंप
जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉक्टर आरकेपी साहू ने बताया कि राज्य स्वास्थ्य समिति के दिशा निर्देश के अनुसार इस बार दीपावली एवं छठ पूजा में विशेष 12 दिवसीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। डीआईओ डॉ आरकेपी साहू ने बताया कि दीपावली के दौरान जिले के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर 24×7 विशेष कैंप लगाया जाएगा। इसके अलावा छठ पूजा में रेलवे स्टेशनों के साथ-साथ जिले के सभी छठ घाटों पर कैंप लगाया जाएगा और वहां 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
माइक्रो प्लान अंतिम चरण में
डॉक्टर आरकेपी साहू ने बताया कि इस विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए जिला स्तर पर माइक्रो प्लान लगभग तैयार कर ली गई है। उन्होंने बताया कि स्टेशनों पर 24 घंटे बूथ संचालित किया जाएगा इसके लिए पोलियो अभियान में लगाए जाने वाले सभी कर्मियों की ड्यूटी रोस्टर तैयार की जा रही है। वही यूनिसेफ के एसएमसी असजद इकबाल सागर ने बताया की अभियान के लिए जिले के सभी प्रखंडों में छठ घाटों की सूची तैयार की जा रही है ताकि सभी छठ घाटों पर कैंप लगाया जा सके। साथ ही उन्होंने बताया की अभियान के दौरान प्रयास यही रहेगा की बाहर से आए सभी बच्चो को पल्स पोलियों की खुराक खिला दिया जाए।