इंफाल। मणिपुर के इंफाल पूर्वी और पश्चिमी जिलों में गोली लगे हुए एक महिला सहित दो शव बरामद किए गए हैं। इस घटना की जानकारी पुलिस ने गुरुवार को दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार को इंफाल पश्चिम जिले के ताइरेनपोकपी इलाके के आसपास एक अधेड़ उम्र की महिला का शव मिला, जिसके सिर पर गोली लगी थी। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए इंफाल के क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेजा गया है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मंगलवार देर रात इंफाल पूर्वी जिले के ताखोक मापल माखा इलाके में एक व्यक्ति का शव मिला, जिसकी उम्र लगभग चालीस वर्ष के आसपास हो सकती है।पुलिस के मुताबिक, मृतक की आंखों पर पट्टी बंधी हुई थी और हाथ पीठ के पीछे बंधे हुए थे और सिर पर गोली के घाव थे अधिकारी ने कहा, एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मृत महिला उन चार लापता व्यक्तियों में से एक मानी जा रही है, जिन्हें हाल ही में इंफाल पश्चिम जिले के कांगचुप तलहटी से “अज्ञात पुरुषों द्वारा अपहरण” कर लिया गया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा था कि एक अलग समुदाय के अज्ञात व्यक्तियों की उपस्थिति से चिंतित होकर, जो मैतेई क्षेत्र में भटक गए थे, फेयेंग की महिलाओं सहित लोगों का एक बड़ा समूह उनके बारे में पता लगाने के लिए कांगचुप पहाड़ी पर गया था। विशेष रूप से, मंगलवार को कांगचुप तलहटी में अज्ञात लोगों द्वारा की गई गोलीबारी में मणिपुर के दो पुलिस कर्मियों और एक महिला सहित कम से कम नौ लोग गोली लगने से घायल हो गए।