आरा। भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के महतवनिया गांव में रविवार की देर शाम दिवाली उत्सव के दौरान संदेहास्पद स्थिति में युवक को गोली लग गई। जख्मी 28 वर्षीय युवक विनोद कुमार उदवंतनगर थाना क्षेत्र के महतवनिया गांव निवासी विद्यानंद सिंह का पुत्र है। घायल युवक को गोली कमर के भाग में लगी है। इलाज के लिए आरा शहर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इधर, जख्मी युवक के छोटे भाई संतोष कुमार ने बताया कि रविवार की देर शाम दिवाली का त्योहार था और सभी लोग घर के दरवाजे पर खड़े थे। घर में पूजा हो रही थी। ठीक, उसी दौरान अचानक उनके बड़े भाई को गोली लग गई।
गोली लगते ही वह घायल हालत में जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद इलाज के लिए आरा शहर स्थित निजी अस्पताल लाया गया। हालांकि, जख्मी युवक को गोली कैसे लगी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। बहरहाल, पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही है।इधर, उदवंतनगर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि मामला संदिग्ध है। घटना के बाद पुलिस को सूचना नहीं दी गई। शुरुआती जांच में दुर्घटना वश गोली लगने की संभावना जताई जा रही है।