पटना: दोस्त के बुलाने पर घर से निकले शुभम पाठक का क्षत विक्षत शव पुलिस ने थाना क्षेत्र के मैनपुरा स्थित कब्रिस्तान से बरामद किया। अपराधियों ने चाकू से गोद कर उसकी निर्मम हत्या की है। उसके चेहरे से लेकर पूरे शरीर पर दर्जन भर से अधिक वार किए गए थे। गुरुवार की दोपहर सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक शुभम पाठक उर्फ मझला (22) मूल रूप से सिवान का निवासी है, वह ताराचक में किराए पर रहता था। घटना की सूचना पर स्वजन अस्पताल पहुंचे। वहीं एएसपी अभिनव धीमान भी पहुंचे। मामले में पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
शुभम का दो भाई बाहर में काम करते हैं। शुभम भी पानीपत में कपड़ा फैक्ट्री में काम करता था। मां अंजू देवी ने बताया कि पति के देहांत के बाद ताराचक में किराये पर रहने लगी। शुभम दीपावली पर घर आया था। बुधवार शाम उसका दोस्त अखिलेश घर आया और उसे बाइक से लेकर चला गया। अंजू ने बताया कि घटना के बाद से उसके दोस्त अखिलेश, बबन, रणधीर, सुरदास व संजू गायब हैं। दोपहर बाद मैनपुरा कब्रिस्तान में शव होने की खबर मिली।
उधर पति की मौत की खबर पर दुधमुंहे बच्चे को लेकर चित्कार करते अंशू अस्पताल पहुंची। बताया गया कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था। एएसपी अभिनव धीमान ने बताया कि जांच के लिए एफएसएल की टीम बुलाई गई है। शरीर पर कई जगह जख्म के निशान हैं। प्रथम दृष्टया किसी नुकीले चीज या चाकू से हत्या किया जाना प्रतीत होता है। हत्या के पीछे के कारणों का अभी पता नहीं चला है। पुलिस ने मां का बयान दर्ज किया है। थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि जल्दी ही घटना के कारण का उद्भेदन किया जाएगा और हत्या में शामिल अपराधी गिरफ्तार होंगे।