विश्व एड्स दिवस पर निकाली गई जागरूकता रैली
सासाराम। विश्व एड्स दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला एड्स नियंत्रण कार्यालय द्वारा विशेष जागरूकता रैली निकाली गई। जागरूकता रैली सदर अस्पताल के एड्स विभाग से निकलकर रौजा रोड होते हुए पुरानी जीटी रोड पहुंची जहां से पोस्ट ऑफिस, धर्मशाला रोड होते हुए सासाराम रेलवे स्टेशन पहुंची। रेलवे स्टेशन पर लोगों को जागरुक करते हुए यह जागरूकता रैली पुनः पुरानी जीटी रोड होते हुए सदर अस्पताल पहुंची। एड्स जागरूकता रैली को अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर अशोक कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा की एड्स एक खतरनाक बीमारी है इससे पीड़ित व्यक्ति की मृत्यु भी हो जाती है। ऐसे में जरूरत है की एड्स जैसी खतरनाक बीमारी से बचाव के लिए सावधानी बरते। एड्स से बचने के लिए असुरक्षित शारीरिक संबंध बनाने से बचे। यदि बनाते भी है तो कंडोम का इस्तेमाल जरूर करें। एसीएमओ ने बताया की एड्स से पीड़ित होने के कई वजह भी हो सकते हैं, जिसमें एड्स पीड़ित महिला या पुरुष के साथ शारीरिक संबंध बनाना। इसके अलावा इफेक्टेड ब्लड एवं एड्स पीड़ित के संपर्क में आए ब्लेड का इस्तेमाल भी इसका मुख्य वजह हो सकता है इसलिए इससे बचाव के लिए सावधानी बरतना अति आवश्यक है। एसीएमओ ने कहा की सावधानी ही एड्स से बचाव है। जागरूकता रैली में एसीएमओ डॉ अशोक कुमार के अलावा, अस्पताल अधीक्षक श्री भगवान सिंह, एसटीडी परामर्शी राजेंद्र प्रसाद, जिला एड्स प्रवेक्षक डॉ धर्मदेव सिंह, प्रिया, सीमा, सुनीता, रेणु यादव, धर्मेंद्र कुमार, राजेश कुमार सहित अन्य लोग शामिल थें।
जिले में एड्स पीड़ित मरीजों की संख्या में आई गिरावट
एड्स को लेकर जिले की सबसे बड़ी खुशखबरी यह है कि रोहतास जिले में पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष एड्स मरीजों में गिरावट आई है। जिला एड्स नियंत्रण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिछले वर्ष यानी 1 जनवरी से लेकर 30 दिसंबर 2022 तक रोहतास जिले में कुल 119 एड्स के मरीज पाए गए थे। वही इस वर्ष यह आंकड़ा घट कर 98 आ गया है। जिला एड्स पर्यवेक्षक डॉक्टर धर्मदेव सिंह ने बताया कि वर्ष 2022 में 119 एड्स मरीज पाए गए थे जबकि 2023 में 98 एड्स मरीज मिले हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में 58 पुरुष एड्स पॉजिटिव पाए गए जब की 47 महिलाएं एड्स पॉजिटिव पाई गई जिसमे 7 गर्भवती महिलाएं शामिल है। वही एसटीडी परामर्शी राजेंद्र प्रसाद ने बताया की एड्स को लेकर लोगों में लगातार जागरूकता फैलाई जा रही है। साथ ही साथ समय समय पर कैंप के माध्यम से एड्स जांच अभियान भी चलाया जाता है। उन्होंने बताया की यह हमलोगो के लिए अच्छी बात है की पिछले साल की तुलना में इस साल एड्स मरीजों में कमी आई है। उन्होंने बताया की एड्स मरीजों में अधिकांशत: प्रवासी शामिल हैं।
विभिन्न संगठनों ने भी चलाया जागरूकता अभियान
विश्व एड्स दिवस के अवसर पर विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं ने भी अभियान चला कर लोगों को ऐड्स के बारे में जागरूक किया। सासाराम की सूराज संस्थान ने भी शहर के रेड अलर्ट एरिया में एड्स को लेकर जागरूकता अभियान चलाया और रेड लाइट एरिया के महिलाओं एवं पुरुषों को एड्स के बारे में जानकारी दिया। उन्हें जानकारी दिया गया की अगर सावधानी नहीं बरती गई तो एड्स का खतरा हो सकता है और यह जानलेवा भी साबित हो सकता है। साथ ही रेड लाइट एरिया में कंडोम का भी वितरण किया गया है।