सासाराम। जमुहार स्थिति गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय में करियर से जुड़े विषयों पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी श्रृंखला का तीसरा चरण विश्वविद्यालय के सभागार परिसर में संपन्न हुआ। संगोष्ठी का मुख्य विषय करियर काउंसलिंग था जिसमे कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया और अपने करियर से जुड़े सवालों का जिक्र किया। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थी कैसे अपने सुनहरे भविष्य की राह तैयार करने के लिए कौन से विषय का चयन करें जो उनके भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे।
इसी क्रम में विद्यार्थियों को वाणिज्य, विधि, मैनेजमेंट , फार्मा, एग्रीकल्चर, जर्नलिज़म एंड मास कम्यूनिकेशन , इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी की जानकारी भी दी गई। इस कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के शैक्षणिक निदेशक सुदीप कुमार सिंह ने शिक्षकगणों को स्मृति चिन्ह भेंट कर के किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हर विद्यार्थी अपने जीवन में कुछ बनना चाहता है और बनने का माध्यम शिक्षा होता है, जिसमे विषयों की चयन मुख्य भूमिका अदा करता हैI कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं विद्यालयों से लगभग 200 बच्चों ने हिस्सा लिया।
इस संगोष्ठी में गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षकों ने अपने विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रस्तुति दी। वाणिज्य संकाय से चित्रा राव, मैनेजमेंट संकाय से राजीव रंजन , जर्नलिज़म एंड मास कम्यूनिकेशन विभाग से स्मृति कुमारी, इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी संकाय से डॉ कन्हैयालाल अम्बष्ठा, कृषि संकाय से डॉ शशांक सिंह, विधि संकाय से सुबोध कुमार ने अपने विभागों एवम संकायों की उपलब्धियों एवम करियर अवसरों के बारे में अवगत कराया। पावरप्वाइंट प्रस्तुति के बाद बच्चों को विभिन्न संकायों एवम विभागों का भ्रमण कराया गया एवम छात्र छात्राओं को संकायों एवम विभागों के सुविधाओं के बारे में अवगत कराया गया। मंच संचालन करते हुए योगेश उपाध्याय ने गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के बारे में संक्षिप्त विवरणी पेेश किया।
इस कार्यक्रम का समन्वय डॉ मयंक राय, राजीव रंजन एवम मनीष कुमार ने किया।