पटना। बिहार में एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार एक लाख शिक्षकों को नियुक्ति पत्र बांटने जा रही है। इसके लिए सरकार की तरफ से बड़ी तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि आगामी 13 जनवरी को यह पटना के गांधी मैदान में यह कार्यक्रम आयोजित होगा। जहां बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा द्वितीय चरण एवं प्रथम चरण से सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इसी कड़ी में तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस बाबत में जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि13 जनवरी को शिक्षक भर्ती परीक्षा के दूसरे चरण में चयनित शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।
दरअसल, बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने पोस्ट कर कहा कि, बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा के दूसरे चरण के अंतर्गत 1,00,000 से अधिक चयनित शिक्षकों को 13 जनवरी को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। विगत 2 नवंबर को 1,20,336 नव नियुक्त शिक्षकों को पूरे बिहार में एक दिन में नियुक्ति पत्र दिए गए थे। नवंबर-23 से जनवरी 2024 तक यानि केवल 3 महीने के अंदर लगभग सवा दो लाख नव नियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र देने वाला बिहार देश का प्रथम राज्य है।
गौरतलब हो कि, बिहार शिक्षा विभाग ने इस कार्यक्रम की पूरी जानकारी बीते दिन साझा की थी। जिसके अनुसार लगभग एक लाख से अधिक विद्यालय अध्यापकों में से 25 हजार विद्यालय अध्यापकों को पटना स्थित गांधी मैदान में दिनांक 13 जनवरी 2024 को अपराह्न 03 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा सम्बोधित किया जाएगा। इनमें से लगभग 500 विद्यालय अध्यापकों को मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री एवं अन्य मंत्रीगण द्वारा व्यक्तिगत रूप से तदर्थ नियुक्ति पत्र हस्तगत कराया जाएगा।