पटना। लोकसभा चुनाव के लिए बिहार में भाजपा ने मीडिया विभाग से जुड़े पार्टी नेताओं को प्रशिक्षित करने की रणनीति तय की है। इसी क्रम में बुधवार को पार्टी की ओर से प्रदेश मुख्यालय में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया है। इस कार्यशाला में छह सत्र होंगे। भाजपा के वरिष्ठ नेता के अनुसार समापन सत्र को संबोधित करने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आ रही हैं। पार्टी प्रदेश मुख्यालय में आयोजित भाजपा की मीडिया कार्यशाला को वे बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करेंगी।
दरअसल, लोकसभा चुनाव के पहले भाजपा अपने स्थानीय नेताओं को हर प्रकार के गुर सिखाना चाहती है। इसमें मीडिया से कैसे रूबरू होना है, केंद्र सरकार की योजनाओं को कैसे प्रभावशाली तरीके से पेश करना है, भाजपा से कैसे आम लोगों को जोड़ना है जैसे पाठ पढ़ाने की तैयारी है। भाजपा नेताओं को स्मृति ईरानी तमाम मुद्दों पर अहम सुझाव देंगी। इससे पहले कार्यशाला का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी करेंगे।
लोकसभा चुनाव में यादव मतदाताओं को भाजपा से जोड़ने के लिए 18 जनवरी को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव पटना आ रहे हैं। पार्टी के वरिष्ठ यादव नेताओं की ओर से श्रीकृष्ण चेतना मंच के बैनर तले मोहन यादव का सम्मान कार्यक्रम रखा गया गया है। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार मोहन यादव के पटना एयरपोर्ट पर पहुंचने पर दल के नेताओं की जोरदार स्वागत की तैयारी है। मोहन यादव एयरपोर्ट से सीधे श्रीकृष्ण मेमोरियल हाल जाएंगे। श्रीकृष्ण चेतना मंच द्वारा मोहन का अभिनदंन किया जाएगा। सम्मान समारोह में यादव समाज के कई बड़े नेता, रिटायर्ड अधिकारी सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम के बाद मोहन यादव के भाजपा कार्यालय एवं इस्कान मंदिर भी जाने का कार्यक्रम है।