हरनौत। चंडी थाना क्षेत्र और थरथरी प्रखंड के कांधु पीपर गांव में सोमवार की रात लगभग नौ बजे जैतपुर पंचायत के पूर्व मुखिया रंजीत कुमार के घर चढ़ बदमाशों ने फायरिंग की। इसमें चार महिलाएं छर्री लगने से जख्मी हो गयी। जख्मियों को चंडी में प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल भेजा गया। वहां से चारों को पावापुरी अस्पताल भेजा गया। घटना का कारण पूर्व की पंचायत चुनाव का रंजिश है। पूर्व मुखिया रंजीत कुमार ने थाना पुलिस को बताया कि सोमवार की रात घर के सदस्यों के साथ बैठकर अलाव ताप रहे थे।
उसी दौरान मिथलेश गोप उर्फ बली गोप का फोन आया कि तैयार रहो। आज तुमको जान से मार देंगे। इस धमकी के कुछ ही मिनटों में ही बली गोप पांच बदमाशों के साथ आए और फायरिंग करने लगे। हम किसी तरह छुपकर जान बचा पाए। लेकिन महिलाएं गोली लगने से जख्मी हो गई। फूलो देवी के हाथ में गोली लगी। विभा देवी की बाईं कलाई में गोली लगी। रीता देवी के बाएं पैर में एवं चंद्रकांती देवी की बाएं घुटने में गोली लगी है। चंडी थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी की गई है। बदमाशों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।