पटना। जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने गुरुवार को कहा कि सत्ता में रहने पर जनता, संविधान और लोकतंत्र का मजाक उड़ाकर रख देने वाले परिवारवादियों द्वारा लोकतंत्र की दुहाई देना हास्यास्पद है। इन्हें लगता है कि लोकतंत्र की माला जपने से इनके परिवार का भला हो जाएगा। युवराज सत्ता में सेट हो जाएंगे। पर उन्हें यह मालूम होना चाहिए कि जनता अब जागरूक हो चुकी है।
राजीव रंजन ने कहा कि लोकतंत्र के खतरे में होने का दावा करने वाले इन परिवारवादियों ने इमरजेंसी का दौर भी देखा है। उस समय सरकार के खिलाफ आंदोलन करना तो दूर उन्हें बोलने तक की मनाही थी। खुद लालू प्रसादको इन्हीं वजहों से जेल जाना पड़ा था। आज ये लोग केवल प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करते हैं। इन नेताओं को यह लगता है कि लोकतंत्र तभी सुरक्षित रह सकता है जब देश की बागडोर इनके प्रमुख के खानदान के हाथ में हो।