पटना। बीजेपी विधायक नंद किशोर यादव को सर्वसम्मति से बिहार विधानसभा का स्पीकर चुन लिया गया है। पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव सदन में नेता प्रतिपक्ष बन गए हैं। विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सदन का नेता और तेजस्वी यादव को विरोधी दल का नेता घोषित किया। तेजस्वी यादव ने स्पीकर नंद किशोर यादव को बधाई दी और कहा कि सदन को चलाने में विपक्ष पूरा सहयोग करेगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नए स्पीकर को बधाई देते हुए कहा कि नंद किशोर यादव को बहुत अनुभव है। वे मंत्री रहे हैं। उम्मीद है वे सदन को बेहतर तरीके से चलाएंगे। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी नंद किशोर को स्पीकर बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस आसन पर वे बैठ गए हैं तो सबके लिए बराबर हैं। किसी एक पार्टी के नहीं हैं। हमें उम्मीद है कि वे नियमावली के अनुसार सदन की कार्यवाही को बेहतर तरीके से चलाएंगे।
इससे पहले डिप्टी स्पीकर महेश्वर हजारी ने नीतीश कुमार को सदन का नेता और तेजस्वी को नेता विपक्ष के रूप में घोषणा की। फिर सर्वसम्मति से नंद किशोर यादव को स्पीकर बनाने का प्रस्ताव लाया गया, जिसे सर्वसम्मति से सदन में पारित कर दिया गया। विपक्षी सदस्यों ने इसका विरोध नहीं किया। फिर नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव मिलकर नंद किशोर यादव को ले गए और आसन पर बैठाया। बाद में 19 फरवरी तक विधानसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।
बता दें कि पिछले महीने नीतीश कुमार ने महागठबंधन का साथ छोड़कर राज्य में एनडीए की सरकार का गठन किया था। 12 जनवरी को बजट सत्र के पहले दिन आरजेडी के अवध बिहारी चौधरी को स्पीकर पद से हटाने का प्रस्ताव पारित हुआ। इसके बाद नीतीश की नई एनडीए सरकार बहुमत परीक्षण में सफल साबित हुई। अवध बिहारी चौधरी के हटने के बाद बीजेपी नेता नंद किशोर यादव ने 13 फरवरी को विधानसभा अध्यक्ष के लिए नामांकन किया था। स्पीकर के चुनाव के लिए ही गुरुवार को सदन की कार्यवाही तय की गई।