दरभंगा। सदर थानाक्षेत्र के मुरिया गांव में गुरुवार को सरस्वती पूजा के विसर्जन जुलूस दौरान जमकर बवाल हुआ। अचानक छत से जुलूस पर रोड़ेबाजी होने लगी। इससे विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति हो गई। सभी जान बचाने के लिए ट्रैक्टर में लदी मूर्ति को छोड़कर जैसे-तैसे भागने को मजबूर हो गए। बावजूद, दर्जन से अधिक लोग इसमें चोटिल हो गए। जबकि, कुछ लोगों के गंभीर रूप से जख्मी होने की भी सूचना है। सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर भालपट्टी ओपी पुलिस ने उपद्रवियों पर काबू करने की कोशिश की। हालांकि, उपद्रवियों की संख्या अधिक रहने से पुलिस को पीछे हटना पड़ा। इसमें अवर निरीक्षक ध्रुव चौधरी समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल और चोटिल होने की बात कही गई है। इस बीच उपद्रवियों ने जमकर उत्पात मचाया।
कई दुकानों में जमकर तोड़फोड़ की। कई घरों में घुस कर लोगों की पिटाई की। पुरुष की बात तो दूर महिलाएं भी चोटिल और जख्मी हैं। घटना में काफी संपत्ति की क्षति होने की बात कही जा रही है। हालांकि, सूचना पर डीएम राजीव रोशन और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी पूरे लाव लश्कर के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। पूरे सड़क पर ईंट ही ईंट नजर आ रहा था। इसके बाद दंगा नियंत्रण दस्ता, बीएमपी, सीआइएटी दस्ता सहित कई थाने की पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ दिया। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। हालांकि, तनाव कायम है। इसे देखते हुए पुलिस कैंप कर रही है। उपद्रवियों की खोज में पुलिस ताबड़तोड़ छापामारी कर रही है। उधर, डीएम और एसएसपी ने दोनों पक्षों के लोगों से वार्ता की। जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की मदद से सभी मूर्तियों को विसर्जन कराने में जुटे हैं। हालांकि, जुलूस में शामिल लोगों ने विसर्जन करने से पहले कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए है। इसे देखते हुए मुरिया के ताली चौक रेलवे गुमटी चौक को लोगों ने जाम कर दिया है।