बेगूसराय : बखरी थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव में गुरुवार की दोपहर सत्संग के समीप 11 हजार वोल्ट का विद्युत प्रवाहित तार टूटकर गिर गया। इसकी चपेट में आकर लगभग एक पुरुष एवं आठ महिलाएं झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद सभी घायलों को बखरी पीएचसी में भर्ती कराया गया। इनमें से पांच महिलाओं को बेगूसराय रेफर कर दिया गया है, जिनमें तीन की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घायलों में विभा देवी (40) गंगरहो, सुशीला देवी (35) पति चंद्रभूषण चौधरी मोहनपुर, रानी कुमारी (20) पिता चंद्रभूषण चौधरी मोहनपुर, गायत्री देवी (65) पति परमेश्वर महतो उदयपुर, रंजू देवी (45) पति निरंजन चौधरी मोहनपुर, कलावती (70) पति गुड्डू महतो उदयपुर, उमा देवी (60) पति गौरी साहु गंगरहो, अहिल्या देवी (60) पति स्व. महेंद्र ठाकुर बुधौरा, सीता देवी तथा विनोद कुमार पिता स्व. बालेंद्र महतो शामिल हैं।
प्राप्त समाचार के मुताबिक, गांव के छोटे लाल ठाकुर ने पत्नी की पुण्यतिथि पर सत्संग का आयोजन किया था, जो पंचायत के वार्ड सात स्थित विनोद के दरवाजे पर आयोजित था। पास से ही 11 हजार वोल्ट का विद्युत प्रवाहित तार गुजरा है। अचानक तार में स्पार्किंग हुआ और वह टूटकर सत्संग में लगे लाउडस्पीकर की तार पर गिर गया।
इससे सत्संग सहित स्टेज तक लगे माइक तक करंट प्रवाहित हो गया उसकी चपेट में आकर सभी घायल हो गए। घटना से सत्संग स्थल सहित गांव में कोहराम मच गया। हर तरफ चीख पुकार मच गई। सभी अपने को बचाने में लग गए। इधर घटना की सूचना मिलते ही बखरी पुलिस मौके पर पहुंची एवं सभी घायलों को एंबुलेंस से बखरी पीएचसी पहुंचाया।
इनमें निभा देवी, सुशीला देवी, रानी देवी, रंजू कुमारी, कलावती देवी तथा अहिल्या देवी को बेगूसराय रेफर किया गया है। इनमें तीन की हालत चिंताजनक बताई गई है। जबकि गायत्री देवी, सीता देवी तथा उमा देवी का इलाज बखरी पीएचसी में जबकि विनोद कुमार का इलाज बाजार के ही एक निजी क्लिनिक में चल रहा है। इधर घटना को लेकर लोगों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी देखी गई। एसडीएम सन्नी कुमार सौरव ने बताया कि घटना बड़ी है, इसकी जांच कराई जाएगी। दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जबकि जदयू प्रखंड अध्यक्ष बीके राय ने बताया कि गांव में करीब दो दशक से तार नहीं बदले गए हैं। यह पूरी तरह जर्जर है, जो घटना का कारण बन रहा है। उन्होंने विद्युत विभाग के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।