सासाराम। कांग्रेस विधायकों का बीजेपी में शामिल होने के बाद पार्टी नेताओं में आक्रोश देखा जा रहा है। इधर सासाराम में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी चेनारी विधायक के खिलाफ आक्रोश देखा जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज सासाराम के पोस्ट ऑफिस चौराहे पर कांग्रेस विधायक व पूर्व पंचायती राज मंत्री मुरारी प्रसाद गौतम का पुतला दहन कर रोष व्यक्त किया। साथ ही साथ विधायक के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने जिसे विधायक से मंत्री बनाया उसी ने पार्टी के साथ धोखेबाजी की है और चेनारी विधानसभा के लोगों का अपमान किया है।
साथ ही साथ कांग्रेस के पीठ में छुरा घूमने का काम किया है जिसके लिए चिनारी विधानसभा की जनता अवश्य सबक सिखाने का कार्य करेगी। रोहतास जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव धनंजय कुमार मेहता ने कहा कि सासाराम संसदीय क्षेत्र की जनता लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार के साथ है। उन्होंने कहा कि मुरारी गौतम के भाजपा में जाने से कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला है। श्री मेहता ने कहा कि मुरारी प्रसाद गौतम कांग्रेस पर बोझ बने हुए थे एवं उनका कपटी चरित्र उजागर हो गया है।
पुतला दहन कार्यक्रम में राजद एवं माले के कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया, जिसमें यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विवेक कुमार, महिला कांग्रेस की अध्यक्षता रिंकू देवी, चेनारी प्रखंड कांग्रेस के अध्यक्ष लल्लू दुबे, शिवसागर प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष जोखन बिंद, रोहतास कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष इरफान, जयप्रकाश पांडेय, शिवजी राम, राम पूजन राम, तेजपति राम, हीराराम, रामनारायण राम, जावेद अख्तर, लोकेश तिवारी, बीडी शुक्ला, राजेश्वर कुशवाहा, दीपक शुक्ला, राधा प्रसाद, राम अवतार राय, पतंजलि मिश्रा, मानस रंजन, सुमंत कुशवाहा, वीरेंद्र कुशवाहा, राजाराम पटेल सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।