अब तक 4 लाख लोगों का बन चुका है आयुष्मान कार्ड
सासाराम। स्वास्थ्य सुविधा को बेहतर बनाने के साथ गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया हो इसके लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। साथ ही लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले और पैसे के अभाव में लोग गंभीर बीमारियों का इलाज कराने वंचित ना हो इसके लिए सरकार ने आयुष्मान योजना की शुरुआत करके लोगों को लाभ पहुंचा रही है और इस योजना से देश ही नहीं बल्कि बिहार के प्रत्येक जिले, प्रत्येक गांव के लोग लाभान्वित हो रहे हैं। इसी सुविधा को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए आज से आयुष्मान कार्ड निर्माण विशेष अभियान की शुरुआत होने जा रही है। शुक्रवार को सासाराम सदर अस्पताल से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना किया गया। रोहतास सिविल सर्जन डॉक्टर के एन तिवारी, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर अशोक कुमार, डीपीएम अजय कुमार ने हरी झंडी दिखाकर दर्ज़नो जागरूकता वाहन को रवाना किया। जो जिले के विभिन्न प्रखंडों में घूम-घूम कर आयुष्मान कार्ड बनवाने को लेकर लोगों को जागरूक करेगा। इस अवसर पर रोहतास सिविल सर्जन डॉक्टर कन तिवारी ने बताया कि आयुष्मान कार्ड अब सभी का बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले वर्ष 2011 में बने राशन कार्ड के आधार पर आयुष्मान कार्ड बनाया जाता था परंतु बिहार सरकार ने अपने राज्य में इसका बदलाव करते हुए मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना का शुरुआत किया गया है। जिसके तहत सभी राशन कार्डधरियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। उसी को लेकर यह जागरूकता रथ रवाना किया गया है।
3.66 लाख नए परिवार आयुष्मान योजना सूची में जुड़े
रोहतास जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए 90% राशन कार्ड धारी वाले परिवार लगभग 3 लाख 66 हजार नए परिवार को आयुष्मान सूची से जोड़ दिया गया है। इस तरह से रोहतास जिले में आयुष्मान कार्ड बनवाने वालों की संख्या 20 लाख के आसपास पहुंच गई है। जबकि चार लाख के आसपास लोगों का आयुष्मान कार्ड बना दिया गया है।
तीन जगहों पर जुड़ेगा नाम
आयुष्मान योजना का लाभ सभी राशन कार्डधरियों को मिले इसके लिए जिले के सभी पीडीएस धारकों को कॉमन सर्विसेज सेंटर से तय किया गया है। कॉमन सर्विसेज सेंटर के वीएलएफ जिले के सभी राशन डीलरों के पास जाकर उन्हें इस बात की जानकारी देंगे और उस पीडीएस से जुड़े सभी लाभान्वितों को आयुष्मान योजना से जोड़ेंगे। इसके अलावा जिले के सभी पंचायत में स्थित पंचायत भवन में कार्यपालक सहायक अपने पंचायत के सभी लाभान्वितों का नाम जोड़ेंगे। साथ ही जिले के सभी अस्पतालों में स्थित आयुष्मण केंद्र पर भी नाम जोड़ने का कार्य किया जाएगा।
खुद से ले सकते है जानकारी
आयुष्मान योजना के जिला समन्वयक महावीर कुमार ने बताया कि रोहतास जिले में 20 लाख लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है, इसमें से 4 लाख के आसपास आयुष्मान कार्ड बना दिए गए हैं और 16 लाख के आसपास आयुष्मान कार्ड बनाना है। उसी को लेकर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति अपना नाम सूची में स्वयं देख सकता है। इसके लिए मोबाइल या कंप्यूटर पर beneficiary.nha.gov.in साइट को ओपन कर अपना मोबाइल नम्बर रजिस्टर्ड करना है। मोबाइल नम्बर डालने के बाद ओटीपी आएगा उसे वेरिफाई कर देना है। उसके बाद स्टेट का चयन कर पीएमजेवाई को सेलेक्ट करना है। उसमें आधार का चयन कर अपना आधार नम्बर डालना है। आधार नम्बर डालते ही लाभार्थी की जानकारी उपलब्ध हो जाएगी।