सासाराम। जिला मुख्यालय सासाराम में लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। इसी को लेकर रोहतास जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कई दिशा निर्देश भी जारी किए हैं। इधर लोगों को जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए जिलाधिकारी आज स्वयं सड़क पर उतर आए और मोर्चा संभाल लिया। पोस्ट ऑफिस चौराहे पर पहुंचकर जिलाधिकारी ने यातायात का जायजा लिया और यातायात के नियमों का उल्लंघन कर रहे लोगों को जमकर क्लास भी लगाया। जिलाधिकारी ने यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रेफिक कर्मियों को कई दिशा निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जाम की समस्या को देखते हुए कई बदलाव किए गए हैं, जिसमें सबसे अहम बदलाव यहां का पुराना बस पड़ाव को नए बस पड़ाव में स्थानांतरित करना है। उन्होंने बताया कि इसको लेकर बेदा स्थित बस पड़ाव को विस्तार किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी बड़े वाहनों के लिए नो एंट्री का समय भी निर्धारित कर दिया गया है। अब नो एंट्री के दौरान कोई भी बड़ा वाहन शहर में प्रवेश नहीं करेगा। उन्होंने बताया कि नो एंट्री सुबह 7:00 बजे से लेकर रात्रि 9:00 बजे तक लागू रहेगा। साथ ही उन्होंने बताया कि यातायात नियमो का उल्लंघन करने वालों को भी सख्ती बढ़ाई जाएगी और जो भी यातायात के नियमों को अनदेखी करता उन पर आर्थिक दंड भी लगाए जाएंगे।