सासाराम: नगर निगम सशक्त स्थाई समिति की बुधवार को हुई बैठक में शहर को विकसित व सुंदर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सिविल कोर्ट, पोस्ट आफिस चौक व धर्मशाला मोड़ पर ट्रैफिक दबाव को देखते हुए पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए स्टील स्ट्रक्चर वाला फुट ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। गौरक्षणी ओवरब्रिज, धनपुरवा ओवरब्रिज,राधा स्वामी सत्संग ओवरब्रिज व दवनपुर स्थित ओवरब्रिज पर लाइट लगेगी। बैठक की अध्यक्षता मेयर काजल कुमारी व संचालन उपनगर आयुक्त मैमून निशा ने की। मेयर ने बताया कि शहर को सुंदर व विकसित बनाने के लिए निगम कृत संकल्पित है। इसके लिए सशक्त स्थाई समिति की बैठक में फुट ब्रिज समेत अन्य कार्यों पर सहमति जताई गई।
शहर के पुरान बस पड़ाव का नामकरण सावित्री बाई फुले करने का निर्णय लिया गया। नामकरण के साथ बस पड़ाव द्वार व प्रतिमा का निर्माण भी किया जाएगा। सामाजिक सुधार आंदोलन में उनकी भूमिका को देखते हुए समिति सदस्यों ने यह निर्णय लिया है। तीन महापुरुषों की प्रतिमा का शहर में होगा अधिष्ठापन: शहर में तीन महापुरुषों की प्रतिमा का अधिष्ठापन करने का निर्णय बैठक में लिया गया। उच्च माध्यमिक विद्यालय चौखंडी पथ के तिराहा पर स्वतंत्रता सेनानी अब्दुल क्यूम अंसारी, चंदन शहीद पहाड़ी मोड़ पर अब्दुल हामिद व नकटा के पास वीर लोरिक की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
इसके अलावा शहर में पूर्व से स्थापित प्रतिमाओं का बेहतर रखरखाव व सौन्दर्यीकरण करने का निर्णय लिया गया है। प्रतिमा स्थल के अगल-बगल अतिक्रमण को हटाने व समुचित प्रकाश की व्यवस्था की जाएगी। अशोक स्तंभ बना पार्क का होगा निर्माण: सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों ने नगर निगम क्षेत्र में पार्क निर्माण के साथ अशोक स्तंभ व प्रतीक चिन्ह स्थापित करने का भी निर्णय लिया है।
इसके अलावा बैठक में गोला बाजार स्थित निर्मित सम्राट अशोक भवन में बचे हुए शेष कार्य कराने पर भी सहमति बनाई गई। बेदा बस पड़ाव में निर्मित भवन के अंदर बाहर, रंग-रोगन, बस पड़ाव के अंदर से लेकर मुख्य गेट तक पीसीसी पथ का निर्माण करने सहित कई अन्य निर्णय लिया गया है। बैठक में उप मेयर सत्यवंती देवी, सशक्त स्थाई समिति सदस्य सारिका कुमारी, प्रमिला देवी, गीता देवी, सुनील कुमार, रौशन आरा, अंजू मौर्या व रशीद अहमद उपस्थित थे।