बेगूसराय: बेगूसराय जिले में गढ़पुरा के मौजी हरि सिंह गांव के वार्ड तीन में रविवार शाम करीब 7:30 बजे मटकोर के दौरान की जा रही हर्ष फायरिंग में एक युवक को गले में गोली लग गई। इसके कारण घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक 32 वर्षीय जितेंद्र कुमार रोशन बताया गया है। वह मनोज चौधरी का दामाद और चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के सकरवासा गांव निवासी नंदकिशोर चौधरी का पुत्र था। घटना मौजी हरिसिंह ठाकुरबाड़ी के समीप की बताई जा रही है।
गश्ती के क्रम में घटनास्थल पर पहुंची बखरी थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय भेज दिया है। इस संबंध में बखरी थाना अध्यक्ष विकास कुमार राय ने बताया कि मृतक के गले में गोली लगी है। पोस्टपार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा। घटना के बाद परिवार के लोग मौके से फरार हो गए। रात में फिर पुलिस पहुंची तो मनोज चौधरी के घर पर कोई नहीं मिला। इस घटना के संबंध में आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, मृतक जितेंद्र कुमार अपनी चचेरी साली की शादी में आया हुआ था।
आरोप है कि शनिवार देर शाम मटकोर के दौरान साला-बहनोई फायरिंग कर रहे थे। इसी दौरान फायरिंग के क्रम में गोली पिस्टल में ही फंस गई। पिस्टल ठीक करने की कोशिश के दौरान अचानक गोली चल गई। गोली जितेंद्र के गले में जाकर लग गई और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। हालांकि, संजय चौधरी की पुत्री की शादी सोमवार को होने वाली है। संजय चौधरी और मृतक के ससुर मनोज चौधरी दोनों सहोदर भाई हैं।