पटना। बिहार शिक्षक भर्ती परीक्षा में पेपर लीक की खबर सामने आने के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है। आरजेडी के नेता व बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार से तीन कड़े सवाल पूछ लिए हैं। तेजस्वी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए पेपर लीक पर कई सवाल दागे हैं। तेजस्वी यादव यहीं नहीं रुके, उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान शिक्षक भर्ती परीक्षा की उपलब्धियां भी गिनवा दीं। उन्होंने कहा कि हमने 2 लाख से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की लेकिन कोई पेपर लीक नहीं हुआ, लेकिन अब ऐसी कौन सी ताकत आ गई है जो इस तरह का खेल कर रही है।
तेजस्वी यादव ने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि बिहार में तीसरे चरण की BPSC शिक्षक नियुक्ति परीक्षा में पेपर लीक के कारण 4 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को परेशानी हुई है। आखिर ऐसा क्यों हुआ? मने 𝟏𝟕 महीनों में 𝟒 लाख से अधिक नौकरियां दी, कभी भी किसी नियुक्ति परीक्षा में पेपर लीक नहीं हुआ।
तेजस्वी यादव ने कहा कि हमने केवल 𝟕𝟎 दिनों में दो चरण में 𝟐 लाख से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति की। शिक्षक भर्ती परीक्षा के दोनों चरणों में 𝟏𝟕 लाख से अधिक अभ्यर्थी होने के बावजूद भी कभी किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं मिली। सब नियुक्ति निष्पक्ष, पारदर्शी और सहज प्रक्रिया से हुई।
अब ऐसी कौन सी ताकत और तत्व बिहार सरकार में है जिसके कारण तीसरे चरण की नियुक्ति के लाखों परिक्षार्थियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है? तीसरे चरण में भी 𝟏 लाख से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति का नीतिगत निर्णय हमारे कार्यकाल में हमने कराया था। अब ये NDA सरकार इसे लटका, अटका और भटका क्यों रही है?