दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। ईडी ने सीएम केजरीवाल पर यह कार्रवाई शराब घोटाला मामले से जुड़े धन शोधन मामले में दो घंटे की पूछताछ के बाद की। वहीं, सीएम केजरीवाल पर ईडी के एक्शन के बाद विपक्षी नेताओं ने केंद्र पर हमला बोला है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि अब चुने हुए मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी आम बात हो गई है, जिसका I.N.D.I. गठबंधन मुंहतोड़ जवाब देगा। इधर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्ष को हर तरह से चुनाव के पहले गैर कानूनी तरीके से कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने इस दौरान कांग्रेस पार्टी के बैंक खाते सीज का भी मामला उठाया। खरगे ने कहा कि भाजपा को अगर सच में जीत का भरोसा होता तो संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी का बैंक खाता सीज नहीं किया जाता। AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हार के डर में गिरफ्तार ये लाचार मोदी सरकार लोकतंत्र को तार तार करती आई है और करती रहेगी। उन्होंने कहा कि इस सरकार को जाना तय है।
वहीं, राजद नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से साफ जाहिर है कि विपक्ष से लोकतांत्रिक तरीके से लड़ने की बजाय भाजपा जांच एजेंसियों एवं अन्य संवैधानिक संस्थानों की आड़ और पुरजोर मदद से चुनाव लड़ना चाहती है। उन्होंने कहा कि राजनैतिक, लोकतांत्रिक व संवैधानिक नैतिकता एवं मर्यादाओं को केंद्र सरकार ने तार-तार कर देश पर अघोषित आपातकाल थोप दिया है। हम सभी मजबूती से दिल्ली के लोगों की अति लोकप्रिय सरकार के साथ खड़े हैं।
जैसा की हम सब ने पटना व मुंबई से खुल कर ऐलान किया था – हम डरने वाले नहीं बल्कि लड़ कर जीतने वाले लोग हैं। AAP नेता गोपाल राय ने कहा कि अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद एक लड़ाई शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि आप आज सुबह 10 बजे बीजेपी मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन करेगी। गोपाल राय ने कहा कि अगर भाजपा सोचती है कि वे आम आदमी पार्टी को खत्म कर सकते हैं और अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करके पूरे विपक्ष को धमकी दे सकते हैं, तो वे गलत हैं।