पटना। लोकसभा चुनाव 2024 के सियासी रण में सभी राजनीतिक दलों के प्रत्याशी उतर चुके हैं तो उनके समर्थक भी जनता के बीच अपने-अपने नेता व दल का प्रचार-प्रसार करने को लेकर मैदान में हैं। प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों के समर्थक अपनी-अपनी राजनीतिक पार्टियों और नेताओं के लिए बनाए गये एंड्रायड एप के जरिए फोटो फ्रेम बनाकर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर समर्थक अपने-अपने नेताओं व दलों के झंडे, निशान के फोटो के साथ अपना फोटो लगाकर अपनों के लिए सियासी जंग लड़ रहे हैं। चुनाव के दौरान फोटो फ्रेम एप लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।
इस समय तीन फोटो फ्रेम एप सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। इस एप से अपने नेताओं के फोटो, राजनीतिक झंडे व निशान के साथ अपना फोटो लगा समर्थक उसे सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं। इस एप में सांसद राहुल गांधी, सोनिया गांधी और डॉ. मनमोहन सिंह के साथ फोटो लगा सकते हैं। इसे 10 हजार से ज्यादा लोगों ने डाउनलोड किया है। 21 फरवरी 2023 में अपडेट किया गया था। ये एंड्रायड 4.4 या इससे अधिक वाले ओएस पर चलाया जा सकता है। इसके अलावा ऑल इंडिया महिला कांग्रेस नाम से फोटो फ्रेम गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत राष्ट्रीय महिला नेताओं के साथ फोटो बना सकते हैं। इसे आठ नवंबर 2023 को अपलोड किया था। एक हजार से अधिक लोगों ने डाउनलोड किया है।