पटना। राजधानी पटना समेत प्रदेश के अधिसंख्य शहर इन दिनों में भीषण गर्मी में तप रहे हैं। देश के उत्तरी भागों से आ रही गर्म पछुआ हवा के कारण तापमान में बढ़ोतरी तथा आर्द्रता में कमी के कारण तापमान से ज्यादा गर्मी का एहसास हो रहा है। अप्रैल के पहले सप्ताह में पटना सहित अधिसंख्य जिलों के अधिकतम तापमान में सामान्य से दो से चार डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है। पांच दिनों के दौरान पटना के अधिकतम तापमान में 2.2 डिग्री वृद्धि हुई है।
शुक्रवार को पटना का अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के जैसलमेर से भी अधिक राजधानी सहित अन्य शहरों का तापमान दर्ज किया गया। जैसलेमर का अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस के साथ मोतिहारी प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। आपदा प्रबंधन ने इस लू को लेकर एडवाइजरी जारी की है। आपदा प्रबंधन विभाग ने कहा है कि कहा-सार्वजनिक परिवहन की संख्या दोपहर में कम हो। इसके अलावा मजदूरों की कार्य अवधि सुबह छह बजे से 11 बजे और अपराह्न 3.30 बजे से 6.30 बजे तक निर्धारित करें।