पटना। चैती छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ आरंभ हो गयी। चार दिनों के इस महापर्व के पहले दिन शुक्रवार को व्रतियों ने सुबह गंगा स्नान कर विधि-विधान से भगवान भास्कर की पूजा की। शहर के गांधी घाट, दीघा घाट, एनआईटी घाट, पीपापुल घाट समेत अन्य घाटों पर व्रतियों का डेरा सुबह से लगा रहा। सुबह में व्रतियों ने गंगा स्नान किया और अपने साथ गंगाजल ले गए।
पूजा के बाद व्रतियों ने कद्दू भात और दाल का प्रसाद ग्रहण किया। परिजनों के बीच प्रसाद वितरित किया गया। पूजन के बाद व्रतियों ने खरना की तैयारी शुरू कर दी। शनिवार शाम को खरना पूजा की जाएगी। इसके लिए घरों में गेहूं धोया और सुखाया जाने लगा है। खरना के दिन व्रती पूरे दिन उपवास कर शाम में मिट्टी के चूल्हे और आम की लकड़ी पर प्रसाद बनाएंगी। प्रसाद ग्रहण कर व्रती 36 घंटे का निर्जला उपवास का संकल्प लेंगे।
रविवार को छठ व्रती अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे और सोमवार को उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन हो जाएगा। चैत्र शुक्ल पंचमी शनिवार को मृगशिरा नक्षत्र व शोभन योग में व्रती खरना का पूजा कर प्रसाद ग्रहण करेंगे। चैत्र शुक्ल षष्ठी रविवार को आर्द्रा नक्षत्र व गर करण के सुयोग में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य तथा पुनर्वसु नक्षत्र व सुकर्मा योग में व्रती सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन करेंगे। छठी मैया की बरसती है कृपा : नहाय-खाय से छठ के पारण सप्तमी तिथि तक छठ व्रतियों पर छठी मैया की कृपा बरसती है।
रामनवमी पर की जा रही प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेने शुक्रवार शाम प्रमंडलीय आयुक्त और आइजी गरिमा मलिक शहर में निकले। डीएम शीर्षत कपिल अशोक, एसएसपी राजीव मिश्रा, नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर व अन्य अधिकारियों के साथ डाक बंगला चौराहा, पटना जंक्शन महावीर मंदिर एवं आसपास का निरीक्षण किया। करीब एक घंटा तक पूरे क्षेत्र का पैदल भ्रमण किया।
इस दौरान जीपीओ गोलंबर, न्यू मार्केट तथा महावीर मंदिर के बीच के सभी प्रमुख स्थलों पर रुककर यातायात की स्थिति देखी और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिया। प्रशासनिक तैयारियों से डीएम ने उन्हें अवगत कराया। कहा कि जिला प्रशासन द्वारा बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासनिक दृष्टिकोण से श्रद्धालुओं की हर सुविधा का ख्याल रखा जाएगा। आयुक्त ने लोकसभा चुनाव के आलोक में आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था, यातायात समेत अन्य पहलुओं पर समय से तैयारी कर ली जाए।