पटना : बिहार के कई शहरों में पारा 40 के पार पहुंच गया है। गर्म हवाओं का प्रभाव दूसरे दिन बुधवार को भी बना रहा। पटना सहित राज्य के अधिकतर शहरों में लोग गर्मी से परेशान रहे। बुधवार को पछुआ की रफ्तार 20 से 25 किमी प्रतिघंटे के बीच रही। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सचेत रहने की सलाह दी है। अगले तीन चार दिनों के मौसम पूर्वानुमान में गर्म हवाओं का प्रभाव बढ़ने का है। मौसम विभाग ने 21 अप्रैल तक राज्य के 14 जिलों में उष्ण लहर की चेतावनी जारी की है।
जिन जिलों में गर्म हवाओं के प्रवाह का येलो अलर्ट जारी किया गया है उनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, शेखपुरा, नवादा, मुंगेर, खगड़िया, जमुई और बांका शामिल हैं। इन जिलों में 21 अप्रैल तक उष्ण लहर की चेतावनी जारी की गई है। बुधवार को राज्य भर में सर्वाधिक गर्म शेखपुरा रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा सीवान के जीरादेई में 41 डिग्री, बांका में 40.5 डिग्री और नवादा का 40.1 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। इसके अलावा 7 शहरों का अधिकतम तापमान 40 के आसपास रहा।
मौसमविदों के अनुसार सूबे में पछुआ के प्रभाव से अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में वृद्धि संभव है। योजना एवं विकास विभाग के तहत संचालित इस मौसम सेवा केन्द्र के अनुसार सूबे के 11 जिलों में ही 50 फीसदी से अधिक आर्द्रता है। शेष 27 जिलों की स्थिति खराब है। यहां आर्द्रता 50 फीसदी से कम है। रात के समय भी प्रदेश के अधिकतर इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।