पटना : लोकसभा चुनाव के लिए चौथे चरण की अधिसूचना 18 अप्रैल को जारी की गई। इसके साथ ही मुंगेर लोकसभा क्षेत्र के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह 25 अप्रैल तक चलेगी। मतदान 13 मई को होगा। बता दें कि मुंगेर में जेडीयू से ललन सिंह तो आरजेडी से बाहुबली अशोक महतो की पत्नी आमने-सामने होंगे। बाहुबली अशोक महतो हाल में ही शादी रचाई थी और फिर सिंबॉल लेने के लिए नवविवाहित पत्नी के साथ लालू यादव के पास पहुंचे थे
इस चुनाव में पटना जिला के मोकामा एवं बाढ़ विधानसभा क्षेत्र के करीब छह लाख मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 3.08 लाख पुरुष एवं 2.79 लाख महिला वोटर हैं। जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक ने अपने कार्यालय कक्ष में गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस में चुनाव से संबंधित विषयों की जानकारी दी। एसएसपी राजीव मिश्रा की मौजूदगी में उन्होंने बताया कि कुल 367 मतदान केंद्र दोनों विधानसभा क्षेत्र में हैं।
इन विधानसभा क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी एवं महिला संचालित एक-एक बूथ होंगे। इसके अलावा सात मॉडल बूथ एवं चार युवा संचालित बूथ बनाए गए हैं। शांतिपूर्ण, भयमुक्त एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए 66 सेक्टर पदाधिकारी, 10 फ्लाइंग स्क्वायड, 30 एसएसटी, छह-छह वीएसटी एवं वीवीटी, 10 नाका बनाए गए हैं। 110 संवेदनशील स्थलों को चिह्नित किया गया है। बाढ़ में धारा 107 के तहत 3708 पर निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। 868 से बंधपत्र भरवाया गया है।
वहीं धारा 110 के तहत 110 पर कार्रवाई की गई है। 22 से बंधपत्र भरवाया गया है। सीसीए की कार्रवाई के लिए 30 प्रस्ताव आए उनमें से 10 को स्वीकृत किया गया है। पांच प्रक्रियाधीन है। शेष को अस्वीकृत कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता का अनुपालन करना है।