नालंदा: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार केंद्रीय क्षेत्र नालंदा में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मकई के खेत से उसकी सिर कुचली हुई लाश बरामद की गई। हत्यारे ने जान लेने से पहले उसका हाथ पैर भी तोड़ दिया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृत युवक की पहचान 19 वर्षीय राजेश पासवान के रूप में की गई है। पुलिस इस घटना की छानबीन में जुट गई है। यह घटना नालंदा के सोहराय थाना इलाके के सिंगार हाट मोहल्ला की है। मृतक के पिता प्रमोद पासवान ने बताया कि राजेश को उसके एक दोस्त ने दो दिन पहले फोन करके उसके बुलाया था।
वह घर नहीं लौटा और सोमवार की सुबह में मक्के के खेत में जब कुछ लौट गए तो लाश को देखकर चिख पुकार मच गई। बेटे की हत्या से मां और पिता का रो रो कर बुरा हाल है। राजेश की मां सदर अस्पताल में झाडू लगाने का काम करती है जबकि पिता मजदूरी करते हैं। राजेश की मां ने बताया कि शनिवार को उसके एक दोस्त ने फोन करके बुलाया था। वह निकला तो फिर घर नहीं लौटा। इस दौरान परिजन उसे खोज रहे थे। उसका दोस्त भी घर में नहीं है। वह गायब है।
मां ने कहा कि बेटे की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। हत्या का कोई कारण समझ नहीं पा रहा है। इस मामले में सोहराय थाना प्रभारी राजमणि ने बताया कि मृतक के अंगों पर पर जख्म के गहरे निशान थे। देखने से लगता है की पीट पीटकर हत्या की गई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जिस दोस्त के बुलाने की बात कही गई है वह फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। थानाध्यक्ष ने जल्द ही कांड का खुलासा कर देने का आश्वासन दिया है।