नालंदा : बिहार के नालंदा से बड़ी खबर है जहां बिजली का करंट लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तालाब में मछली पकड़ने के दौरान यह हादसा हुआ। मरने वालों में दो भाई और एक उनका भांजा था। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। यह दुखद हादसा कतरी सराय थाना क्षेत्र के तारा बीघा गांव में हुई। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों से प्रारंभिक तौर पर जानकारी मिल रही है कि तालाब में मछली पालन किया गया था और असामाजिक तत्वों से बचने के लिए तालाब को चारों ओर से बिजली के करंट से सुरक्षित किया गया था।
परिवार के लोग मछली पकड़ रहे थे। इस दौरान एक युवक डूबने लगा जो रिश्ते में अन्य युवकों का भांजा था। वह पावापुरी के लक्खाचक का रहने वाला था। अचानक वह करंट की चपेट में आ गया और छटपटाने लगा। उसे बचाने के लिए उसके दो मामा एक साथ दौड़े लेकिन खुद भी करंट के शिकार हो गए और तीनों तालाब में डूब गए। इस घटना से पूरे गांव में राम मच गया। मृतकों के घर पर आसपास के कई गांव के लोगों की भीड़ जुट गई। मृतकों की पहचान पंकज राम, गुलशन कुमार और अजय कुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद स्थनीय थाना प्रभारी दल बल के साथ गांव पहुंचे फिर तीनों व्यक्तियों को जीवित समझ कर अस्पताल भेजा लेकिन उन्हें मृत घोषित कर दिया गया क्योंकि घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।
उसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क को जाम कर दिया। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया। उसके बाद लोगों की मदद से पुलिस शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। इस दुखद घटना के बारे में राजगीर के डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि तीन युवक मछली पकड़ने के लिए तालाब गये थ। उसी दौरान बिजली के तार की चपेट में आ गए। तीनों तालाब में गिर गए और तीनों की मौत हो गई। पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है।